आईएसआईएस के खिलाफ ग्राउंड अटैक को तैयार अमेरिका
वाशिंगटन। अमेरिका ने अब आईएसआईएस के खिलाफ अपनी रणनीति बदलने का फैसला किया है। अमेरिका के रक्षा सचिव एश्टन कार्टर ने इस ओर इशारा किया है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका अब आईएसआईएस के खिलाफ जमीन पर युद्ध छेड़ सकता है।

सीनेट आर्म्ड सर्विस कमेटी के सामने बोलते हुए कार्टर ने यह बात कही है। कार्टर ने साफ कर दिया है कि अमेरिका आईएसआईएस के खिलाफ ना केवल हवाई हमले तेज करेगा, बल्कि जरूरत पड़ने पर जमीनी हमले भी कर सकता है।
कार्टर के मुताबिक सीरिया के रक्का शहर को आईएसआईएस के कब्जे से छुड़ाने के लिए गठबंधन सेना सीरियाई विपक्षी गुट को और अधिक सैन्य मदद देगी।
अगर ऐसा हुआ तो ये पहली बार होगा कि अमेरिकी की अगुवाई वाली गठबंधन सेना सीरिया और इराक में जमीनी लड़ाई शुरू करेगी। वैसे पिछले हफ्ते उत्तरी इराक में आईएसआईएस के चंगुल से कैदियों को छुड़ाने के लिए अमेरिका की सेना ने कुर्दिश सैनिकों की मदद की थी।
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा पहले ही साफ कर चुके थे कि अमेरिका जमीनी लड़ाई के लिए सेना नहीं भेजेगा। लेकिन कार्टर के ताजा बयान के बाद इस नीति में बदलाव के संकेत नजर आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications