इजराइली दूतावास के सामने अमेरिकी सैनिक ने खुद को लगाई आग, गाजा से क्या है कनेक्शन?
अमेरिकी वायु सेना के एक सैनिक ने राजधानी वाशिंगटन डीसी में स्थित इजराइली दूतावास के बाहर खुद को आग लगाकर आत्मदाह करने की कोशिश की। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उसने इस घटना को सोशल मीडिया पर लाइव स्ट्रीम भी किया।
इसमें वो कह रहा था, "मैं गाजा में हो रहे नरसंहार में शामिल नहीं होऊंगा। फिलिस्तीन को आजाद करने की जरूरत है। फ्री फिलिस्तीन। मैं विरोध के चरम कृत्य में शामिल होने जा रहा हूं। अब मैं हमले के विरोध में खतरनाक कदम उठाने वाला हूं।" इसके बाद अमेरिकी सैनिक ने खुद को आग लगा ली।

दूतावास के बाहर मौजूद सिक्योरिटी ने फौरन एक्शन लेते हुए आग बुझाने की कोशिश की। फिलहाल सैनिक की हालात गंभीर बताई जा रही है। वायरल हो रहे वीडियो में अमेरिकी जवान ने अपना नाम आरोन बुशनेल बताया है। बुशनेल अमेरिकी वायुसेना के एक सक्रिय जवान है। आरोन बुशनेल अमेरिकी वायुसेना में किस रैंक पर कार्यरत थे, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
टास्क एंड पर्पस की एक रिपोर्ट के अनुसार, घटना के दौरान सिक्योरिटी ऑफिशियल्स ने सैनिक पर बंदूक भी तानी थी। रिपोर्ट्स में कहा गया जब सैनिक दूतावास के बाहर खड़ा था तो सिक्योरिटी ऑफिशियल्स ने उससे बात करने की कोशिश की थी। उन्होंने सैनिक से पूछा था- सर, क्या मैं आपकी कोई मदद कर सकता हूं। इतना सुनते ही सैनिक ने खुद को आग लगा ली थी।
रिपोर्ट के मुताबिक आत्मदाह करने की कोशिश करने वाले सैनिक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर मानी जा रही है। उसने आग लगाने से पहले 'ट्वीच' नाम के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव स्ट्रीमिंग की थी। हालांकि ट्वीच ने इस फुटेज को हटा दिया क्योंकि यह स्ट्रीमिंग ऐप के दिशानिर्देशों का उल्लंघन करता है।
अमेरिका में गाजा युद्ध को लेकर आत्मदाह की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले दिसंबर में अटलांटा के इजराइली वाणिज्य दूतावास के बाहर एक प्रदर्शनकारी ने खुद को आग लगा ली थी। अमेरिका में कई लोग बाइडेन प्रशासन के 'असंवेदनशील रुख' से नाराज हैं, क्योंकि देश ने कई मौकों पर यूएनएससी में युद्धविराम प्रस्ताव को वीटो कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications