अमेरिकी चुनाव: नए राष्ट्रपति जो बाइडेन की कोविड-19 की टास्क फोर्स रेडी, एक्शन मोड में नए राष्ट्रपति बाइडेन
वॉशिंगटन। अमेरिका में 3 नवंबर को राष्ट्रपति चुनाव के बाद अब नतीजे आ चुके हैं और डेमोक्रेट जो बाइडेन अब देश के 46वें राष्ट्रपति हैं। लेकिन रिपब्लिकन डोनाल्ड ट्रंप के अड़ियल रवैये ने स्थिति को और ज्यादा जटिल बना दिया है। ट्रंप व्हाइट हाउस से नहीं निकल रहे हैं लेकिन बाइडेन ने अब कोरोना वायरस से निबटने के लिए तैयारी कर ली है। बाइडेन सोमवार को कोरोना वायरस पर बनी टास्क फोर्स की मीटिंग करने वाले हैं।

Recommended Video
ट्रंप के पूर्व अधिकारी को मिली जगह
कोविड से लड़ने के लिए नए राष्ट्रपति जो बाइडेन पूरी तरह से एक्टिव हो चुके हैं। सीएनएन की तरफ से बताया गया है कि बाइडेन जल्द ही एक कोरोना वायरस एडवाइजरी बोर्ड का ऐलान करने वाले हैं। इस बोर्ड में रिक ब्राइट जैसे व्हीसलब्लोअर को शामिल किया जाएगा। रिक ब्राइट वही इंसान हैं जिन्होंने ट्रंप प्रशासन पर शुरुआती चेतावानियों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया था। ब्राइट ने कहा था कि जिस समय महामारी ने अमेरिका में पहला कदम रखा था, उस समय ट्रंप प्रशासन को जितनी भी चेतावनियां दी गईं, सब नजरअंदाज कर दी गईं थीं। इस टास्क फोर्स में भारतीय मूल के पूर्व सर्जन जनरल डॉक्टर विवेक मूर्ति, फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन के पूर्व कमिश्नर डेविड केस्लर और येल यूनिवर्सिटी की डॉक्टर मार्सेला नून्ज स्मिथ भी शामिल हैं। इसमें 13 और सदस्य हैं जिनके पास मेडिसिन का अच्छा खासा अनुभव है। इसके अलावा ओबामा केयर की रूपरेखा तैयार करने वाले डॉक्टर जेक इमैनुएल को भी इसमें जगह मिली है।
कोविड-19 से राहत नहीं
अमेरिका को कोविड-19 से राहत नजर नहीं आ रही है। पांच दिन के अंदर देश में 100,000 नए केस आए हैं। शनिवार को जिस दिन बाइडेन को विजेता बताया गया उस दिन 126,742 केसेज सामने आए थे। बाइडेन इस बार एक महत्वाकांक्षी कार्यकाल की तरफ देख रहे हैं। उनका कार्यकाल स्वास्थ्य और आर्थिक संकट, इन दोहरी चुनौतियों के साथ शुरू होगा। ऐसे में अब वह उन सलाहकारों पर भरोसा कर रहे हैं जिन्हें सरकारी तंत्र का अनुभव रहा है। वह बाहरी लोगों और विचारधारा के विरोधाभासी लोगों की मदद नहीं ले रहे हैं। इन चुनाव को कोरोना वायरस महामारी के बीच आयोजित किया गया था। यह बीमारी इन चुनावों में सबसे बड़ा मुद्दा था और बाइडेन इस महामारी को लेकर लगातार रिपब्लिकन डोनाल्ड ट्रंप पर आक्रामक बने हुए थे। बाइडेन ने चुनाव से पहले भी वादा किया था कि जीतने के बाद कोरोना वायरस उनकी पहली प्राथमिकता होगी।












Click it and Unblock the Notifications