US Presidential Election 2020: शनिवार को फ्लोरिडा में चुनावी रैली करना चाहते हैं ट्रंप
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा है कि वह शनिवार को फ्लोरिडा में एक चुनावी प्रचार रैली करना चाहते हैं। राष्ट्रपति ट्रंप दो अक्टूबर को कोरोना वायरस पॉजिटिव आए थे। ट्रंप ने फॉक्स न्यूज के जर्नलिस्ट सीन हैनिटी को दिए इंटरव्यू में यह बात कही है। डोनाल्ड ट्रंप इससे पहले 15 अक्टूबर को राष्ट्रपति चुनावों से पहले होने वाली दूसरी बहस में शामिल होने से इनकार कर चुके हैं। ट्रंप ने कहा है कि वर्चुअली बहस में हिस्सा लेना समय की बर्बादी जैसा है।

सोमवार को अस्पताल से लौटे व्हाइट हाउस
राष्ट्रपति ट्रंप ने सीन हैनिटी से कहा, 'मुझे लगता है कि मैं शनिवार की रात को एक रैली करने की कोशिश कर सकता हूं अगर मेरे पास सभी चीजों को आगे बढ़ाने का पर्याप्त समय हुआ। लेकिन मैं शनिवार की रात फ्लोरिडा में एक रैली करना चाहता हूं।' राष्ट्रपति ट्रंप को कोविड पॉजिटिव होने के बाद वाल्टर रीड मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को वह व्हाइट हाउस लौट आए हैं। गुरुवार को ट्रंप ने कहा था कि उनकी दवाईयों की संख्या कम हो गई है और अब वह सिर्फ एक स्टेरॉयड ले रहे हैं जो कि बहुत भारी नहीं है। ट्रंप ने चुनावी रैली करने की मंशा ऐसे समय में जाहिर की है जब व्हाइट हाउस के डॉक्टर सीन कोन्ले ने कहा है कि राष्ट्रपति ट्रंप शनिवार तक सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने योग्य हो सकते हैं।
कोविड को बताया भगवान का आशीर्वाद
कोन्ले ने कहा, 'शनिवार को ट्रंप की रिपोर्ट आए 10 दिन हो जाएंगे और जिस तरह से उनकी रिपोर्ट्स आ रही हैं, मुझे लगता है कि वह इस समय तक सार्वजनिक कार्यक्रमों में लौट सकते हैं।' इससे पहले ट्रंप ने एक वीडियो रिलीज किया था। इस वीडियो मैसेज में उन्होंने कोविड के संक्रमण को भगवान का आशीर्वाद करार दिया था। ट्रंप ने वीडियो में कहा था, 'मुझे लगता है कि यह भगवान का आशीर्वाद था जो मुझे मिला है।' अमेरिका में अब तक इस महामारी की वजह से 210,000 लोगों की मौत हो चुकी है। डोनाल्ड ट्रंप ने देश की जनता से वादा किया है कि वह जो इलाज उन्हें मुहैया कराया गया है, वह हर अमेरिकी नागरिक के लिए मुफ्त होगा। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ट्रंप के टेस्ट रिजल्ट्स का नतीजा क्या है।












Click it and Unblock the Notifications