US Presidential Election: अमेरिका का उपराष्ट्रपति क्यों नहीं बनना चाहती निक्की हेली, कही ये बात
अमेरिका में इस साल राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होने वाले हैं। रिपब्लिकन पार्टी में एक मात्र महिला उम्मीदवार निक्की हेली ने कहा है कि उन्हें उपराष्ट्रपति बनने में कोई दिलचस्पी नहीं है। हेली की टिप्पणी सोमवार को आयोवा कॉकस से पहले आई है।
भारतीय-अमेरिकी रिपब्लिकन पार्टी नेता निक्की हेली ने जोर देकर कहा कि वह अमेरिका की अगली राष्ट्रपति बनने की दौड़ में हैं और जीतने की कोशिश कर रही हैं। गौरतलब है कि निक्की हेली रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की दौड़ में अकेली महिला हैं।

आयोवा कॉकस पहले निक्की हेली का यह बयान सोमवार को आया, जब उनसे कहा गया कि आपको बहुत से लोग राष्ट्रपति के बजाय उपराष्ट्रपति के रूप में ज्यादा पसंद करते हैं। इसके बाद उन्होंने साफ कहा कि उन्हें उपराष्ट्रपति बनने में कोई दिलचस्पी नहीं है।
यह पूछे जाने पर कि वह उन मतदाताओं से क्या कहेंगी जो उन्हें उपराष्ट्रपति पद के लिए पसंद करते हैं और जो अभी भी ट्रंप का समर्थन कर रहे हैं। पार्टी की राष्ट्रपति पद की दौड़ में अकेली महिला ने कहा कि ठीक है अगर आप अराजकता के चार और साल चाहते हैं।
दक्षिण कैरोलिना की पूर्व गवर्नर निक्की हेली ने सीबीएस न्यूज से साक्षात्कार में कहा, 'मुझे उपराष्ट्रपति बनने में कोई दिलचस्पी नहीं है। मैं राष्ट्रपति बनने के लिए रेस में हूं और मैं जीतने के लिए दावेदारी कर रही हूं, और हम जीतेंगे।
आपको बता दें कि अमेरिका में सोमवार यानी कि आज से आयोवा कॉकस शुरू हो रहा है। आज से औपचारिक रूप से उस लंबी प्रक्रिया की शुरुआत हो रही है जिसके द्वारा रिपब्लिकन और डेमोक्रेट 5 नवंबर को राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों का चयन करते हैं।
इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी हेली पर अच्छी खासी बढ़त बना रखी है और वे पार्टी के उम्मीदवारों में सबसे आगे हैं। ट्रंप ने आयोवा कॉकस से एक दिन पहले आयोवा के इंडियनोला में एक रैली में हेली पर निशाना साधते हुए कहा कि निक्की ने अच्छा काम किया है, लेकिन वह राष्ट्रपति बनने के लिए योग्य नहीं हैं।
एक ताजा सर्वे में दावा किया गया है कि 48 प्रतिशत लोगों की पहली पसंद अभी भी ट्रंप ही हैं। वही, हेली को 20 प्रतिशत का समर्थन प्राप्त है। जबकि फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस 16 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गये हैं। दौड़ में शामिल एक अन्य भारतीय-अमेरिकी विवेक रामास्वामी भी हैं, लेकिन अभी वह बहुत पीछे हैं।












Click it and Unblock the Notifications