राष्ट्रपति ओबामा ने किया साफ, कश्मीर में नहीं होगी अमेरिकी दखलंदाजी
वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के बीच गुरुवार को मुलाकात हुई है। इस मुलाकात में राष्ट्रपति ओबामा ने पीएम शरीफ को साफ कर दिया है कि अमेरिका कश्मीर मुद्दे पर कोई हस्तक्षेप नहीं करेगा। साथ ही पीएम शरीफ को अपने यहां पर पनप रहे आतंकी संगठनों पर लगाम लगाने की हिदायत भी दी है।
क्या कहा राष्ट्रपति ओबामा ने
जैसा कि उम्मीद थी कि पीएम शरीफ जब ओबामा से मिलेंगे तो कश्मीर का जिक्र जरूर करेंगे और ऐसा हुआ भी। लेकिन ओबामा ने भी शरीफ को दो टूक कह दिया कि इस मुद्दे पर अमेरिका तब तक कोई हस्तक्षेप नहीं करेगा जब तक कि दूसरा पक्ष यानी भारत उससे ऐसा करने से नहीं कहता है।
व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक ओबामा ने शरीफ को साफ कर दिया है कि इस मुद्दे को सिर्फ बातचीत के जरिए ही सुलझाया जा सकता है।
कश्मीर पर रूख में बदलाव से अमेरिका का इंकार
इस वरिष्ठ अधिकारी की ओर से बताया गया कि राष्ट्रपति ओबामा ने पीएम शरीफ और उनकी टीम के साथ एलओसी पर बने हालातों के बारे में चर्चा की। पाक की ओर से कई बार अनुरोध किया गया कि अमेरिका इस मुद्दे में शामिल हों।
लेकिन अमेरिका ने साफ कर दिया है कि जब पाकिस्तान के साथ भारत भी इसी मंशा के साथ उनसे अनुरोध नहीं करेगा, अमेरिका खुद को इससे दूर ही रखेगा। अमेरिका कश्मीर पर बनी अपनी नीति में कोई भी बदलाव नहीं करेगा।
हालांकि अमेरिका ने इतना जरूर कहा है कि वह दोनों देशों के बीच बातचीत की प्रक्रिया को बढ़ाने में सही माहौल तैयार करने में मदद जरूर करेगा।












Click it and Unblock the Notifications