बैलेट बॉक्स से मुद्दे सुलझते हैं, बुलेट से नहीं: ट्रंप पर हमले के बाद जो बाइडेन का देश के नाम एक और संबोधन
Biden on Trump: डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की नाकाम कोशिश ने अमेरिका के साथ साथ दुनिया को हैरान करके रख दिया है और अब अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा है, कि हिंसा को किसी भी कीमत पर सामान्य नहीं बनाया जा सकता है और इस बात पर जोर दिया, कि अमेरिका में मतभेद "मतदान से हल किए जाते हैं, गोलियों से नहीं।"
स्थानीय समय के मुताबिक, रविवार शाम को अपने ओवल ऑफिस संबोधन में, राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा, कि हालांकि कुछ अमेरिकी देश के भविष्य पर असहमत हैं, लेकिन "राजनीति कभी भी युद्ध का मैदान नहीं बननी चाहिए।"

ट्रंप पर हमला, बाइडेन का देश को संबोधन
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति बाइ़डेन ने कहा, कि "असहमति अपरिहार्य है और अमेरिकी लोकतंत्र मानव स्वभाव का हिस्सा है... लेकिन राजनीति कभी भी शाब्दिक युद्ध का मैदान या, भगवान न करे, हत्या का मैदान नहीं बननी चाहिए।"
बाइडेन ने आगे कहा, कि चुनाव के करीब आने के साथ, "हममें से प्रत्येक पर यह सुनिश्चित करने का अतिरिक्त बोझ है, कि चाहे हमारी मान्यताएं कितनी भी मजबूत क्यों न हों, लेकि हमें कभी भी हिंसा में नहीं उतरना चाहिए।" उन्होंने आगे कहा, कि इस सप्ताह होने वाले रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन के साथ, "मुझे कोई संदेह नहीं है, कि वे मेरे रिकॉर्ड की आलोचना करेंगे और इस देश के लिए अपना दृष्टिकोण पेश करेंगे। मैं इस सप्ताह यात्रा करूंगा, हमारे रिकॉर्ड और दृष्टिकोण को आपके सामने रखूंगा।"
बाइडेन ने आगे कहा, कि "हम बहस करते हैं और असहमत होते हैं, हम उम्मीदवारों के चरित्र, रिकॉर्ड, मुद्दों, एजेंडे, अमेरिका के लिए दृष्टिकोण की तुलना और विरोधाभास करते हैं। लेकिन अमेरिका में, हम अपने मतभेदों को बैलेट बॉक्स में सुलझाते हैं, बुलेट से नहीं।"
उन्होंने कहा, कि "अमेरिका को बदलने की शक्ति हमेशा लोगों के हाथों में होनी चाहिए, किसी संभावित हत्यारे के हाथों में नहीं।" सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति ने राजनीति में "तापमान कम करने" की आवश्यकता पर भी जोर दिया। बाइडेन ने अपने संबोधन में कहा, "मैं आज रात आपसे अपनी राजनीति में तापमान कम करने की आवश्यकता के बारे में बात करना चाहता हूं और याद रखना चाहता हूं, कि जब हम असहमत होते हैं, तो हम दुश्मन नहीं होते हैं। हम पड़ोसी हैं, हम दोस्त हैं, सहकर्मी हैं, नागरिक हैं और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है, कि हम साथी अमेरिकी हैं। हमें एक साथ खड़ा होना चाहिए।"
अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा, कि "कल पेंसिल्वेनिया में डोनाल्ड ट्रंप की रैली में हुई गोलीबारी हम सभी से एक कदम पीछे हटने, यह आकलन करने का आह्वान करती है, कि हम कहां हैं, हम यहां से कैसे आगे बढ़ें।"
बाइडेन की ओवल ऑफिस से देश के नाम संबोधन एक दुर्लभ घटना है। यह केवल तीसरी बार है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने ऐसा किया है। पिछली बार उन्होंने ओवल ऑफिस से 19 अक्टूबर 2023 को बात की थी, जब हमास ने इजरायल पर हमला किया था। CNN के अनुसार, ओवल ऑफिस से संबोधन आमतौर पर देश के सबसे गंभीर और भारी समय के लिए आरक्षित होता है। बाइडेन ने शनिवार को पेंसिल्वेनिया में अपनी रैली के दौरान ट्रंप पर हुए हमले का जिक्र करते हुए दोहराया, कि अमेरिका में इस तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा, "अमेरिका में इस तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। कोई भी हिंसा। बस। कोई अपवाद नहीं। हम इस हिंसा को नॉर्मल नहीं होने दे सकते।"












Click it and Unblock the Notifications