G20 Summit: भारत के लिए रवाना हुए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, आज शाम 7 बजे तक पहुंचेंगे दिल्ली
US President Joe Biden: भारत की अध्यक्षता में होने जा रहे 18वें जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन यूएस के एंड्रयू एयर बेस से रवाना हो गए हैं। बाइडेन ने गुरुवार (स्थानीय समय) के मुताबिक भारत के लिए उड़ान भरी।
भारतीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यूएस प्रेसिडेंट शुक्रवार शाम करीब 7 बजे दिल्ली पहुंचेंगे, जहां उनका स्वागत केंद्रीय राज्य मंत्री वीके सिंह करेंगे।

जो बाइडेन 9 और 10 सितंबर को नई दिल्ली के प्रगति मैदान में 'भारत मंडपम कन्वेंशन सेंटर' में होने वाले 18वें जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। शुक्रवार से शुरू होकर बाइडेन का तीन दिनों का व्यस्त कार्यक्रम है।
जो बाइडेन की पहली भारत यात्रा
जो बाइडेन का भारत दौरा इसलिए भी खास है, क्योंकि सिर्फ वो जी-20 शिखर सम्मेलन में ही नहीं, बल्कि पीएम मोदी के साथ अहम बैठक भी करने वाले हैं। दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में ये उनकी यह पहली भारत यात्रा होगी। इससे पहले भारत का दौरा करने वाले आखिरी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प थे, जो फरवरी 2020 में आए थे।
जर्मनी में रुककर पहुंचेंगे दिल्ली
अमेरिका से रवाना होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति शुक्रवार को थोड़े वक्त के लिए जर्मनी के रैमस्टीन ठहरेंगे और उसी दिन नई दिल्ली आएंगे। व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान के अनुसार यूएस राष्ट्रपति उसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक में हिस्सा लेने वाले हैं।
पीएम मोदी के साथ अहम बैठक
शुक्रवार को पीएम मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक होगी, जिसमें दोनों नेता भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। अगले दिन यानी शनिवार को बाइडेन जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन सत्र 1: "वन अर्थ" में भाग लेंगे।
रात को होगा डिनर
फिर उनका जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन सत्र 2: जी20 का "एक परिवार" में भाग लेने का कार्यक्रम है। बाइडेन पार्टनरशिप फॉर ग्लोबल इंफ्रास्ट्रक्चर एंड इन्वेस्टमेंट कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। उनका दिन जी20 नेताओं के साथ रात्रिभोज और सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ समाप्त होगा।
राजघाट जाने के बाद वियतनाम के लिए होंगे रवाना
रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति अन्य जी20 नेताओं के साथ राजघाट स्मारक का दौरा करेंगे। इसके बाद बाइडेन नई दिल्ली से हनोई, वियतनाम की यात्रा करेंगे। व्हाइट हाउस से जारी जर्मनी, भारत और वियतनाम के उनके तीन दिवसीय कार्यक्रम के अनुसार, वह सबसे ज्यादा वक्त भारत में रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications