अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बोले-जापान के शिंजो आबे बेस्ट पीएम
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे को देश का बेस्ट पीएम करार दिया है। ट्रंप ने ट्वीट कर आबे की तारीफ की और बताया है कि उन्होंने जापान के पीएम से फोन पर बात की है। शिंजो आबे ने अपनी खराब सेहत के चलते पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। वह देश के एक ऐसे पीएम हैं जो काफी लोकप्रिय हैं और जनता में उनका काफी सम्मान हैं। उनके इस्तीफे की घोषणा करने के बाद से ही उनके समर्थक मायूस हैं।

ट्रंप ने बताया स्पेशल मैन
राष्ट्रपति ट्रंप ने लिखा, 'शिंजो आबे को जल्द ही जापान के इतिहास के महानतम पीएम के तौर पर पहचान मिलेगी जिनके कार्यकाल में अमेरिका के साथ जापान के रिश्ते सर्वश्रेष्ठ दौर में पहुंचे थे।' ट्रंप ने अपनी ट्वीट में आबे को 'स्पेशल मैन' करार दिया है। व्हाइट हाउस की तरफ से ट्रंप और आबे के बीच हुई फोन कॉल का रीडआउट शेयर किया गया है। इस रीडआउट में कहा गया है, 'दोनों नेताओं ने अपने रिश्ते को एक बार फिर असाधारण करार दिया है,राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री आबेक को जापान के इतिहास का महानतम पीएम बताया है।' इसमें आगे कहा गया है राष्ट्रपति ने कहा कि पीएम आबे ने महान काम किया है और उनके कार्यकाल में जापान-अमेरिका के रिश्ते सर्वश्रेष्ठ दौर में पहुंचे हैं।
एतिहासिक कार्यकाल के बाद इस्तीफा
जापान दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और पिछले हफ्ते आबे अपने एतिहासिक कार्यकाल के बाद इस्तीफे का ऐलान किया है। आबे के स्वास्थ्य को लेकर पिछले कई दिनों से कयास लगाए जा रहे थे। वह हाल ही में दो बार अस्पताल गए थे। आबे कई वर्षों से कोलाइटिस बीमारी से ग्रसित हैं। आबे रिकॉर्ड सात साल और आठ माह बाद अपने पद से हट रहे हैं। आबे ने कहा कि वह नहीं चाहते हैं कि उनकी खराब सेहत की वजह से सरकार को कोई समस्या हो। आबे के शब्दों में, 'मैंने प्रधानमंत्री का पद छोड़ने का फैसला किया है।' उन्होंने कहा कि इसी बीमारी के चलते उनका पहला कार्यकाल भी ऑफिस में रहते खत्म हो गया था। आबे ने कहा, 'अगर मैं लोगों के लिए सर्वश्रेष्ठ फैसला नहीं ले सकता तो फिर मैं प्रधानमंत्री नहीं रह सकता हूं।'












Click it and Unblock the Notifications