पहले मेट्रो स्टेशन पर फैलाया धुआं, फिर कर दी गोलियों की बारिश... ब्रुकलिन में ‘मास्क मैन’ ने मचाई सनसनी
ब्रुकलिन सबवे स्टेशन पर गोलीबारी करने वाला आरोपी अभी भी फरार है और पुलिस ने आरोपी के बारे में खबर देने वाले के लिए 50 हजार डॉलर इनाम देने की घोषणा की है।
न्यूयॉर्क/अमेरिका, अप्रैल 13: अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर का ब्रुकलिन भारी खौफ में है और एक सनकी शख्स ने खौफनाक वारदात को अंजाम देते हुए पूरे अमेरिका में सनसनी मचा दी है। ब्रुकलिन मेट्रो स्टेशन पर एक सनकी शख्स ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं और फिर गोली लगने से एक के बाद एक मेट्रो स्टेशन पर मौजूद लोग गिरने लगे। रिपोर्ट के मुताबिक, गैस मास्क पहने हुए हमलावर ने 33 राउंड गोलियां चलाई हैं और पुलिस ने समाचार एजेंसी एपी को बताया है कि, मंगलवार की सुबह न्यूयॉर्क के लोगों के लिए एक बुरा सपना बन गया है।

ब्रुकलिन सबवे मेट्रो स्टेशन पर हमला
ब्रुकलिन सबवे मेट्रो स्टेशन पर गोलियों की बारिश करने वाले हमलावर की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस की तरफ से आरोपी की तस्वीर जारी कर दी गई है। संदिग्ध शख्स एक भारी भरकम कदकाठी का है और उसने हमला करते वक्त नारंगी रंग का बनियान और ग्रे स्वेटर पहन रखा था। गोलियों की बारिश करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। हालांकि, कई घंटों की मशक्कत के बाद न्यूयॉर्क पुलिस विभार ने आरोपी का नाम फ्रैंक जेम्स होने की बात कही है, लेकिन अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है। वहीं, पुलिस विभाग ने कहा है कि, इस गोलीबारी में 23 लोग घायल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 10 लोग गोली लगने से घायल हुए हैं, जबकि 13 लोग धुएं के कारण घायल हुए हैं।

कैसे दिया घटना को अंजाम?
रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रुकलिन में सनसेट पार्क-36 स्ट्रीट मेट्रो स्टॉप पर एक शख्स ने पहले दो स्मोक ग्रेनेट फायर किए। जिससे स्टेशन पर धुआं फैलने लगा। आरोपी ने धुएं का मास्क पहन रखा था। स्टेशन पर धुंआ फैलने के बाद आरोपी शख्स ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे स्टेशन पर अफरातफरी मच गई और अपनी जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। आरोपी ने 33 राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें पांच लोग गंभीर घायल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, जिस संदिग्ध की पहचान पुलिस ने की है, उसने हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर दर्जनों वीडियो पोस्ट किए हैं, जिसमें वो कट्टरवादी बातें बोलता दिख रहा है और वो लगातार गालियां बोलता हुआ देखा जा रहा है। आरोपी शख्स न्यूयॉर्क शहर के मेयर एरिक एडम्स को लेकर भी अपशब्द बोल रहा था।

कौन है गोलियां बरसाने वाला संदिग्ध?
पुलिस ने शुरूआती तफ्तीश के आधार पर आरोपी का नाम फ्रैंक जेम्स बताया है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी तक उसके नाम की पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का मानना है कि, आरोपी जिस यू-हौल गाड़ी का इस्तेमाल कर रहा था, उ उसने किराए पर लिया था। पुलिस ने कहा कि उन्होंने मौका-ए-वारदात पर वैन की चाबी बरामद की है और इसे फिलाडेल्फिया में किराए पर लिया गया था। अधिकारियों ने कहा कि जेम्स के पास फिलाडेल्फिया और विस्कॉन्सिन में पते थे। पुलिस ने चश्मदीदों से पूछताछ के आधार पर बताया कि, आरोपी ने ग्रे रंग का स्वेटशर्ट, हरे रंग का हेलमेट और सर्जिकल मास्क पहना हुआ था, ताकि वो धुएं की चपेट में नहीं आए।

50 हजार डॉलर का रखा गया इनाम
ब्रुकलिन सबवे स्टेशन पर गोलीबारी करने वाला आरोपी अभी भी फरार है और पुलिस ने आरोपी के बारे में खबर देने वाले के लिए 50 हजार डॉलर इनाम देने की घोषणा की है। वहीं, न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स, जो अभी कोविड संक्रमित हैं और आइसोलेशन में हैं, उनके घर की सुरक्षा काफी कड़ी कर दी गई है, क्योंकि आरोपी सोशल मीडिया पर मेयर के खिलाफ काफी गाली-गलौच कर रहा था। फिलहाल, इस घटना को अभी तक आतंकवादी घटना के तौर पर जांच नहीं की जा रही है, क्योंकि हमलावर का मकसद अभी तक सामने नहीं आया है।

पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल
इस घटना के बाद तफ्तीश के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कई बड़ी लावरवाहियों की पहचान की गई है। मेट्रो स्टेशन पर जो सीसीटीवी कैमरे लगाए गये थे, वो लंबे अर्से से खराब पड़े हैं और मेट्रो स्टेशन पर एक भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। स्थानीय समयानुसार सुबह साढ़े आठ बजे इस हमले को अंजाम दिया गया है। घटना के बाद दो लापरवाहियां उजागर हो रही हैं, उसमें एक ये भी है, कि मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्टेशन अथॉरिटी, जो न्यूयॉर्क सिटी क्षेत्र में परिवहन के लिए जिम्मेदार है, उसने पिछले साल घोषणा की थी, कि उसने शहर भर के सभी 472 मेट्रो स्टेशनों में सुरक्षा कैमरे लगाए हैं। लेकिन तीन स्टेशनों पर कैमरे काम नहीं कर रहे हैं, जहां पुलिस मंगलवार को सबूत तलाशने गई थी। चीफ ऑफ डिटेक्टिव्स जेम्स एसिग ने इसकी पुष्टि की है।
स्टेशन पर अफरातफरी
वारदात के बाद कई वीडियो सामने आ रहे हैं और एक वीडियो को मेट्रो कार के अंदर से रिकॉर्ड किया गया है, जिसमें यात्रियों को धुएं से बचने की कोशिश करते हुए देखा जा रहा है। वहीं, मेट्रो ट्रेन का दरवाजा खुलते ही लोगों को चीखते हुए और घबराए हुए देखा जा सकता है। वीडियो में लोगों को अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते हुए देखा जा रहा है। वहीं, वारदात के बाद व्हाइट हाउस प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा है कि, घटना के बारे में पूरी जानकारी राष्ट्रपति जो बाइडेन को दी गई है, जो घटना पर नजर रख रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications