अमेरिका के शिकागो में कोरोना से नवजात की पहली मौत, 24 घंटे पहले हुआ था संक्रमित
वॉशिंगटन। पूरी दुनिया इस वक्त कोरोना वायरस (COVID-19) से जंग लड़ रही है। दुनियाभर में वायरस के कारण 24,089 से भी ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। अमेरिका में भी कोरोना वायारस का खतरा तेजी से बढ़ता जा रहा है। यहां कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों का आंकड़ा एक लाख को भी पार कर चुका है। इस बीच अमेरिका में कोरोना वायरस से पहली बार किसी नवजात की मौत का मामला सामने आया है। शनिवार को अमेरिका के शिकागो में वायरस से संक्रमित नवजात बच्चे ने दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि दुनिया में इस तरह का यह पहला मामला है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गवर्नर जेबी प्रित्जकर ने बताया, पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस से मरने वालों में एक बच्चा भी शामिल है। राज्य के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि शिकागो में मरने वाले बच्चे की उम्र एक साल से कम थी और वह कोरोना वायरस से संक्रमित था। मौत के कारण का पता लगाने के लिए जांच चल रही है। गवर्नर जेबी प्रित्जकर ने कहा, ''मैं जानता हूं, एक नवजात की मौत की खबर कितनी दुखदायी हो सकती है। यह पूरे परिवार के बेहद दुख से भरा हुआ समय है, जो पूरे साल भर से बच्चे के आने की खुशियां संजो रहा था।''
यूएस के स्वास्थ्य निदेशक नेगोजी एजिक ने भी माना है कि ऐसा मामला पहली बार देखा गया। उन्होंने कहा, 'वैश्विक महामारी का रूप ले रहे कोरोना वायरस से अब तक किसी नवजात की मौत का मामला उनके सामने नहीं आया था।' हालांकि, फ्रांस के स्वास्थ्य अधिकारी जेरोम सॉलोमन ने पिछले हफ्ते बताया था कि पेरिस के इले-द-फ्रांस इलाके में एक 16 साल की लड़की की मौत कोरोना वायरस से हुई है। उन्होंने दावा किया था कि युवाओं में कोरोना वायरस के मामले दुर्लभ हैं, लेकिन जिनमें भी देखे गए हैं वे गंभीर हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications