100 सालों में पहली बार अमेरिका में नहीं चुना जा सका स्पीकर, डोनाल्ड ट्रम्प की पार्टी में मची फूट
अमेरिकी संसद में लगातार 3 बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ लेकिन कैलिफोर्निया के सांसद को हर बार निराशा ही हाथ लगी। उन्हें अपनी ही पार्टी के सभी सांसदों का समर्थन नहीं मिला।

File Image: PTI
अमेरिका में सौ सालों में पहली बार ऐसा हुआ, जब प्रतिनिधि सभा में बिना अध्यक्ष के ही संसद को स्थगित करना पड़ा। इसकी वजह ये रही कि मतदान के पहले दौर में ही प्रतिनिधि सभा एक स्पीकर का चुनाव करने में असफल रही। अमेरिकी संसद की प्रतिनिधि सभा में रिपब्लिकन नेता केविन मैककार्थी पहले राउंड की बैलेट वोटिंग में नैंसी पेलोसी की जगह स्पीकर का चुनाव लड़ रहे थे लेकिन वह इसके लिए जरूरी मत नहीं जुटा सके। ऐसे में एक शताब्दी में पहली बार ऐसा होगा जब स्पीकर पद के लिए दूसरे राउंड की वोटिंग होगी।
जरूरी मत नहीं जुटा सके मैक्कार्थी
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को बिना अध्यक्ष के ही सदन को स्थगित करना पड़ा। कैलिफोर्निया से रिपब्लिकन सांसद केविन मैक्कार्थी को मंगलवार को स्पीकर पद हासिल करने के लिए 218 वोटों की जरूरत थी। उनकी पार्टी रिपल्बिकन को 222 मत हासिल थे लेकिन दुर्भाग्य से मैक्कार्थी की पार्टी के ही सांसद उनके खिलाफ हो गए। मैक्कार्थी को महज 202 मत हासिल हुए। 20 रिपब्लिकन नेताओं ने मैक्कार्थी को वोट नहीं दिया जिसके बाद वह स्पीकर पद सुरक्षित नहीं कर पाए।
अपने ही सांसदों का समर्थन नहीं जुटा सके मैक्कार्थी
केविन मैककार्थी 100 वर्ष में पहले ऐसे नेता बन गए जो पहले राउंड की बैलेट वोटिंग में स्पीकर पद सुरक्षित नहीं कर पाए। आपको बता दें कि नवंबर में हुए मध्यावधि चुनाव में मिश्रित सफलता हासिल करने के बाद रिपल्किन पार्टी के लिए प्रतिनिधि सभा में स्पीकर पद हासिल करना आसान माना जा रहा था। रिपब्लिकन पार्टी ने चैंबर का नियंत्रण जीत लिया था। अब मैक्कार्थी को यह पद हासिल करने के लिए बस अपनी पार्टी के सांसदों का समर्थन हासिल करना था, लेकिन वह यह हासिल नहीं कर पाए।
बुधवार को फिर से होगा चुनाव
अमेरिकी संसद में लगातार 3 बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ लेकिन कैलिफोर्निया के सांसद को हर बार निराशा ही हाथ लगी। उन्हें अपनी ही पार्टी के सभी सांसदों का समर्थन नहीं मिला। पहले राउंड में मैक्कार्थी का विरोध 19 सांसद कर रहे थे लेकिन आखिरी राउंड तक यह 20 तक चला गया। अब बुधवार को एक बार फिर से अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा। जब तक संसद को नया अध्यक्ष मिल नहीं जाता तब तक चुनाव होता रहेगा। बता दें, नैंसी पेलोसी 2021 में 216 वोटों के साथ यूएस हाउस स्पीकर पद के लिए चुनी गई थीं।












Click it and Unblock the Notifications