भारत के CEC ज्ञानेश कुमार के मुरीद हुए ट्रंप, उनके सलाह पर अमेरिका में बनेगा कानून, क्या है SAVE America ACT?
Donald Trump Save America Act: अमेरिका में वोटर आईडी को लेकर बहस एक बार फिर तेज हो गई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के चुनावी सिस्टम का जिक्र करते हुए हर अमेरिकी वोटर के लिए फोटो पहचान पत्र अनिवार्य करने की मांग की है। ट्रंप ने दावा किया कि भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने उनके प्रशासन से सवाल किया था कि अमेरिका में बिना वैध फोटो आईडी के चुनाव कैसे कराए जा सकते हैं।
ट्रंप ने इस उदाहरण के जरिए SAVE अमेरिका एक्ट को पास कराने की जरूरत बताई और चुनावी धोखाधड़ी रोकने के लिए सख्त नियमों की वकालत की है।

भारत के चुनावी सिस्टम का ट्रंप ने किया जिक्र
डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में भारत के हालिया आम चुनाव का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि भारत में करीब 64 करोड़ 60 लाख लोगों ने मतदान किया और एक प्रतिशत से भी कम वोटरों ने पोस्टल बैलेट का इस्तेमाल किया। ट्रंप के मुताबिक, भारत में हर वोटर के पास वैध फोटो पहचान दस्तावेज होना जरूरी था। उन्होंने इसी व्यवस्था को अमेरिका के लिए भी अपनाने की जरूरत बताई और कहा कि इससे चुनाव प्रक्रिया में भरोसा बढ़ेगा।

ये भी पढ़ें: ईरान से डर गए थे ट्रंप? हत्या की धमकी के बाद एयर फोर्स वन छोड़ गुप्त विमान में हुए शिफ्ट, बड़ा खुलासा
ज्ञानेश कुमार के सवाल का ट्रंप ने किया दावा
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि इसी महीने की शुरुआत में ज्ञानेश कुमार ने उनके प्रशासन से सवाल किया था कि अमेरिका में बिना वैध फोटो आईडी के चुनाव कैसे कराए जा सकते हैं। ट्रंप ने इस कथित बातचीत को अमेरिका में वोटर आईडी व्यवस्था लागू करने के अपने तर्क से जोड़ा। हालांकि, इस दावे के संदर्भ और बातचीत की पूरी जानकारी ट्रंप की पोस्ट में विस्तार से नहीं दी गई।
क्या है SAVE अमेरिका एक्ट?
डोनाल्ड ट्रंप लंबे समय से SAVE अमेरिका एक्ट को पास कराने की मांग कर रहे हैं। प्रस्तावित कानून के तहत अमेरिकी नागरिकों को वोटर रजिस्ट्रेशन के समय नागरिकता का प्रमाण देना जरूरी होगा। इसके साथ ही देशभर में वोटर आईडी व्यवस्था लागू करने और डाक के जरिए होने वाले मतदान पर कड़े नियम लगाने का प्रावधान है। ट्रंप का कहना है कि कानून लागू होने से चुनावी धोखाधड़ी की आशंका कम होगी और केवल पात्र अमेरिकी नागरिक ही चुनाव में मतदान कर सकेंगे।
अमेरिका में वोटर आईडी पर क्यों है विवाद?
अमेरिका में वोटर आईडी का मुद्दा लंबे समय से राजनीतिक बहस का विषय रहा है। रिपब्लिकन पार्टी इसे चुनाव की विश्वसनीयता और सुरक्षा से जोड़ती है, जबकि डेमोक्रेट्स का तर्क है कि सख्त पहचान नियमों से कुछ पात्र मतदाताओं के लिए मतदान करना मुश्किल हो सकता है। इसी वजह से दोनों दलों के बीच इस कानून को लेकर गहरे मतभेद हैं। चुनावी नियमों और वोटर रजिस्ट्रेशन को लेकर अमेरिका में राज्य स्तर पर भी अलग-अलग व्यवस्थाएं लागू हैं।
ये भी पढ़ें: भारत पर 100% टैरिफ लगाने निकले ट्रंप को बड़ा झटका, अमेरिकी सांसदों ने ही खोल दिया मोर्चा
सीनेट की छुट्टी से अटका कानून
SAVE अमेरिका एक्ट को लेकर फिलहाल अमेरिकी संसद में कोई बड़ी प्रगति नहीं हो पाई है। इसी महीने अमेरिकी सीनेट पांच हफ्ते के अवकाश पर चली गई, जिसके कारण कानून को आगे बढ़ाने की दिशा में तत्काल कोई ठोस कदम नहीं उठ सका। ट्रंप लगातार इस कानून के समर्थन में माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। भारत के चुनावी मॉडल का जिक्र भी इसी राजनीतिक अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। अब देखना होगा कि सीनेट लौटने के बाद इस बिल पर क्या रुख सामने आता है।


Click it and Unblock the Notifications
