US Election 2024: सबसे बड़ी इकोनॉमी, बूढ़े होते लोग, सबसे महंगा हेल्थकेयर, बाकी दुनिया के मुकाबले कैसा है USA?
US Election 2024: अमेरिका में आज राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान होने वाला है और पूरी दुनिया की नजर दुनिया की इस आर्थिक महाशक्ति पर है, जो बहुत हद तक जियो-पॉलिटिक्स को कंट्रोल करता है। लिहाजा, जानना जरूरी हो जाता है, कि सामाजिक-आर्थिक स्टैंडर्ड पर संयुक्त राज्य अमेरिका अन्य देशों की तुलना में कैसा है?
हमने अर्थव्यवस्था, जनसांख्यिकी, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और सैन्य खर्च को आधार बनाकर इसका एनालिसिस किया है, कि बाकी दुनिया को छोड़कर अभी भी अमेरिका को ही सुपरपावर क्यों कहा जाता है?

दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था
विश्व बैंक के मुताबिक, अमेरिका की अर्थव्यवस्था दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, जिसका सकल घरेलू उत्पाद (GDP) लगभग 27 ट्रिलियन डॉलर है। यह इसे चीन ($17.8 ट्रिलियन) और जर्मनी ($4.5 ट्रिलियन) सहित अन्य प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं से काफी आगे रखता है।
अमेरिका की प्रति व्यक्ति जीडीपी 65,020 डॉलर है, जो वैश्विक औसत से लगभग चार गुना है, जो इसे दुनिया में सातवें स्थान पर रखता है।
अमेरिकी ट्रेजरी के पास दुनिया में सबसे ज्यादा सोने का भंडार है। अमेरिका के पास 8,133 टन सोना है, जिसकी कीमत लगभग 700 बिलियन डॉलर है। यह राशि जर्मनी के भंडार से दोगुनी से भी ज्यादा है, जिसके पास 3,352 टन सोना है, और इटली के पास 2,452 टन सोना है।
सकल घरेलू उत्पाद किसी देश के समग्र आर्थिक उत्पादन को दर्शाता है, उसके स्वर्ण भंडार मौद्रिक नीति का समर्थन करके और मुद्रा स्थिरता और व्यापार को प्रभावित करके वित्तीय परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बूढ़े होते लोग
करीब 33 करोड़ 50 लाख की आबदी के साथ, अमेरिका दुनिया का तीसरा सबसे ज्यादा आबादी वाला देश है, जो भारत (1.43 अरब) और चीन (1.41 अरब) से काफी पीछे है।
हालांकि, जनसंख्या वृद्धि दर में लगातार गिरावट आ रही है और बढ़ती उम्र के साथ-साथ उत्पादकता बनाए रखने और वरिष्ठ नागरिकों की सहायता करने जैसी आर्थिक और सामाजिक चुनौतियां भी सामने आ रही हैं।
देश की प्रजनन दर सिर्फ 1.84 है, जो यह दर्शाता है कि औसत महिला के अपने जीवनकाल में दो से कम बच्चों को जन्म दे रही हैं, जो कि वैश्विक औसत 2.4 से कम है और प्रवास के बिना स्थिर जनसंख्या के लिए 2.1 की प्रतिस्थापन दर की आवश्यकता है।
सबसे ज्यादा प्रजनन दर वाले देश नाइजर (6.64), अंगोला (5.70) और कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (5.49) हैं, जबकि ताइवान (1.11), दक्षिण कोरिया (1.12) और सिंगापुर (1.17) में सबसे कम दर है।
अमेरिका में औसत जीवन प्रत्याशा (life expectancy) 81 वर्ष है, जो वैश्विक औसत 75 वर्ष से थोड़ा ज्यादा है, लेकिन अधिकांश यूरोपीय और अन्य विकसित देशों की तुलना में अभी भी कम है।
जीवन की गुणवत्ता
2009 से अमेरिकी संघीय न्यूनतम वेतन 7.25 डॉलर प्रति घंटा रहा है।
न्यूनतम वेतन बढ़ाना एक प्रमुख चुनावी मुद्दा है, प्रगतिशील अमेरिकी थिंक टैंक डेटा फॉर प्रोग्रेस के अनुसार, 80 प्रतिशत से ज्यादा अमेरिकी मतदाता मानते हैं, कि वर्तमान वेतन जीवन की सभ्य गुणवत्ता के लिए पर्याप्त नहीं है।
37-52 घंटों के औसत कार्य सप्ताह के साथ, अमेरिका में वार्षिक न्यूनतम वेतन लगभग 15,080 डॉलर है। यह वैश्विक औसत $6,293 से लगभग दोगुना है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ($34,515), न्यूजीलैंड ($33,487) और लक्जमबर्ग ($32,103) जैसे देशों में न्यूनतम वेतन वाले श्रमिकों की तुलना में लगभग आधा है।
हालांकि, जब रहन सहन की बात आती है, जैसे कि घर खरीदना, तो अमेरिका 131.3 के मूल्य-से-आय अनुपात के साथ दुनिया में सबसे ऊंचे स्थान पर है। 2015 को आधार वर्ष मानते हुए, इसका मतलब है, कि अमेरिका में एक घर की औसत कीमत आय वृद्धि से 30 प्रतिशत से अधिक बढ़ गई है।
अमेरिकी राष्ट्रपति पद के दोनों उम्मीदवार कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है, कि वे पहली बार घर खरीदने वालों के समर्थन के लिए टैक्स नीतियां पेश करेंगे।
दुनिया की सबसे महंगी स्वास्थ्य सेवा
अमेरिका में दुनिया में सबसे महंगी स्वास्थ्य सेवा है, जहां हर साल प्रति व्यक्ति 12,000 डॉलर से ज्यादा खर्च होता है। हेल्थ केयर सर्विस, दवाओं और हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम काफी ज्यादा है, जिसकी वजह से गरीब लोगों के लिए इलाज कराना काफी महंगा होता है।
अमेरिकी सरकार का स्वास्थ्य सेवा खर्च देश के सकल घरेलू उत्पाद का 16.6 प्रतिशत है, जो वैश्विक औसत 7.3 प्रतिशत से लगभग सात प्रतिशत ज्यादा है। अपने अपेक्षाकृत उच्च स्वास्थ्य सेवा खर्च के बावजूद, अमेरिका का स्वास्थ्य सूचकांक स्कोर कई अन्य उच्च आय वाले देशों की तुलना में कम है।
एजुकेशन रैंकिंग
एजुकेशन डेटा इनिशिएटिव के मुताबिक, अमेरिका में सार्वजनिक शिक्षा पर खर्च वर्ल्ड स्टैंडर्स से कम है और आर्थिक विकास से पीछे है। अमेरिका अपने सकल घरेलू उत्पाद का लगभग 6.1 प्रतिशत शिक्षा पर खर्च करता है, जो वैश्विक औसत 4.7 प्रतिशत से अधिक है। जब गणित, विज्ञान और पढ़ने में प्रदर्शन की बात आती है, तो अमेरिका ने 2022 के अंतर्राष्ट्रीय छात्र मूल्यांकन कार्यक्रम (PISA) में कुल 1,468 अंक हासिल किए।
यह स्कोर वैश्विक औसत 1,320 अंक से तो ज्यादा है, लेकिन यह कई एशियाई देशों की तुलना में कम है, जिनमें सिंगापुर, जिसके 1,679 अंक, चीन के 1,605 अंक और जापान के 1,599 अंक शामिल हैं।
अमेरिका का सैन्य खर्च और शक्ति
अमेरिका अपनी सेना पर सबसे ज्यादा खर्च करने वाले दुनिया का नंबर-1 देश है और जो ग्लोबल मिलिट्री खर्च का 39 प्रतिशत है। अमेरिका का इस वित्त वर्ष का सैन्य खर्च 900 अरब डॉलर है, जो उसकी कुल जीडीपी का 3.45 प्रतिशत है। ग्लोबल फायरपावर इंडेक्स द्वारा अमेरिका को 145 देशों में से नंबर एक स्थान दिया गया है, जो जमीन, समुद्र और हवा में किसी देश की युद्ध क्षमताओं को मापता है।












Click it and Unblock the Notifications