डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी के सांसद की भविष्यवाणी.. बहुत लोकप्रिय हैं नरेन्द्र मोदी, फिर बनेंगे प्रधानमंत्री
US Congressman on Narendra Modi: भारत में चुनावी मौसम आ चुका है और तमाम दलों ने अपने अपने हिसाब से कैम्पेनिंग शुरू कर दी है। माना जा रहा है, कि अगले हफ्ते तक आचार संहिता लागू हो सकती है। वहीं, भारत में होने वाले चुनाव को लेकर पूरी दुनिया दिलचस्प नजरों से देख रही है।
इस बीच अमेरिकी सांसद रिच मैककॉर्मिक ने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को "अविश्वसनीय रूप से लोकप्रिय" नेता बताया है और उन्होंने भविष्यवाणी की है, कि वह आगामी लोकसभा चुनावों में फिर से सत्ता में आएंगे। पेशे से इमरजेंसी डॉक्टर मैककॉर्मिक ने कहा, कि भारत की अर्थव्यवस्था ने पीएम मोदी के नेतृत्व में महत्वपूर्ण प्रगति की है।

अमेरिकी सांसद ने की पीएम मोदी की तारीफ
जॉर्जिया से सांसद रिच मैककॉर्मिक ने समाचार एजेंसी पीटीआई को एक इंटरव्यू में कहा, कि "प्रधानमंत्री मोदी अविश्वसनीय रूप से लोकप्रिय हैं। मैं अभी वहीं गया हुआ था (भारत) और मैंने वास्तव में प्रधान मंत्री मोदी और कई अन्य सांसदों के साथ लंच किया और मैंने वास्तव में पार्टी लाइनों से परे जाकर उनकी लोकप्रियता देखी। मुझे लगता है कि कोई व्यक्ति लगभग 70 प्रतिशत लोकप्रिय है। वह फिर से प्रधान मंत्री बनने जा रहे हैं।"
डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के सांसद ने आगे कहा, कि "अर्थव्यवस्था पर, विकास पर, सभी लोगों के प्रति सद्भावना पर उनके प्रगतिशील दृष्टिकोण को देखने के लिए, दुनिया भर में प्रवासी भारतीयों के मन में उनके लिए सकारात्मकता है, जिसका वैश्विक प्रभाव पड़ने वाला है।"
मैककॉर्मिक ने आगे कहा, कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था प्रति वर्ष चार से आठ प्रतिशत तक बढ़ रही है।
उन्होंने कहा, कि अमेरिका भारत को बीजिंग का विरोध करने के लिए एक बहुत ही अविश्वसनीय रूप से महत्वपूर्ण रणनीतिक और सामरिक सहयोगी के रूप में देखता है। और हमें यह सुनिश्चित करने की जरूरत है, कि हम उस रिश्ते को विकसित करें जहां सच्चा विश्वास हो, ताकि हमें यह एहसास होता रहे, कि भारत ईमानदार है। वे हमारी टेक्नोलॉजी को चुराने की कोशिश नहीं कर रहे हैं।
रो खन्ना भी कर चुके भारत-US संबंधों की तारीफ
इसके अलावा रो खन्ना, जो बाइडन की डेमोक्रेटिक पार्टी से सांसद हैं, और जो कांग्रेसनल इंडिया कॉकस के सह-अध्यक्ष भी हैं, उन्होंने कहा, कि भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय संबंध बहुत मजबूत हैं और राष्ट्रपति जो बाइडेन के प्रशासन ने इन संबंधों को मजबूत करने के लिए काफी काम किया है।
रो खन्ना ने समाचार एजेंसी पीटीआई को एक इंटरव्यू में बताया, कि "यह (भारत-अमेरिका संबंध) रक्षा, अर्थशास्त्र, एआई पर सहयोग, वैकल्पिक ऊर्जा, सहयोग के कई क्षेत्रों में बहुत मजबूत है।'' उन्होंने कहा कि भारत ने आर्थिक क्षेत्र में काफी तेजी के साथ विकास किया है और भारत के पास विशाल महत्वाकांक्षा और बहुत सारी ऊर्जा हैं।












Click it and Unblock the Notifications