अमेरिका में टला शटडाउन का खतरा, Shutdown में क्या होता है यह यूएस इकॉनमी कैसे प्रभावित करता है?
अमेरिका में 1 अक्टूबर से शटडाउन का खतरा टल चुका है। यूएस कांग्रेस ने डेडलाइन खत्म होने से पहले आखिरी क्षणों में फंडिग बिल पास कर दिया। बिल को सीनेट की मंजूरी मिलने के बाद नवंबर के मध्य तक शटडाउन का खतरा टल जाएगा।
यूएस कांग्रेस के सांसदों में डेमोक्रेट सहित अधिकांश रिपब्लिकन ने फंडिंग बिल के समर्थन में वोट किया और 335-91 मतों के अंतर से इसे पारित कर दिया गया। हालांकि, 1 डेमोक्रेट्स और 90 रिपब्लिकन सांसदों ने इस समझौते का विरोध किया।

इसके बाद फंडिंग बिल को सत्तारूढ़ डेमोक्रेटिक पार्टी के बहुमत वाले उच्च सदन सीनेट के पास भेज दिया गया। डेमोक्रेटिक के बहुमत वाले सीनेट में इस बिल के पक्ष में कुल 88 वोट हासिल हुए, जबकि बिल के खिलाफ 9 सीनेटरों ने वोट दिया।
इस दौरान फंडिंग बिल के खिलाफ वोट देने वाले सभी सीनेटर रिपब्लिकन पार्टी के थे। इसके पास होने के साथ ही अमेरिका पर से शटडाउन का खतरा भी टल गया। फिलहाल, नतीजे के तौर पर खतरा खत्म हो गया है, लेकिन ये राहत अल्पकालिक हो सकती है।
कांग्रेस के पास अपने मतभेदों को सुलझाने और एक और शटडाउन से बचने के लिए 17 नवंबर तक का समय है। यह विधेयक 17 नवंबर तक 45 दिनों के लिए राष्ट्रपति जो बाइडन के नेतृत्व वाली संघीय सरकार को फंड मुहैया कारएगा।
सीनेट के इस प्रस्ताव में रूस के खिलाफ युद्ध लड़ने के लिए यूक्रेन के लिए 6 बिलियन डॉलर और अमेरिकी आपदा राहत के लिए छह बिलियन डॉलर की राशि का प्रावधान किया गया है।
यूएस शटडाउन का अर्थ है कि वहां पर तमाम तरह के सरकारी काम-काज ठप पड़ जाते। इसकी वजह ये है कि सरकार को इन कामों और जरूरी स्कीम्स को जारी रखने के लिए जो पैसे की जरूरत होती है, उसे वह कर्ज के तौर पर लेती है।
इस कर्ज के लिए अमेरिकी कांग्रेस की मंजूरी चाहिए होती है। लेकिन यहां पेंच ये फंसता है कि कांग्रेस की मंजूरी के लिए पहुंचने से पहले पक्ष और विपक्ष यानी डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन पार्टी में आपसी सहमति जरूरी है।
इस बार भी असमंजस की स्थिति थी, क्योंकि रिपब्लिकन पार्टी कुछ सरकारी स्कीम्स और खर्चों पर अड़ियल रुख अपनाकर आपत्ति जता रही थी। इसके साथ ही विपक्ष अमेरिका पर लगातार बढ़ रहे कर्ज का हवाला देते हुए अपनी मांगों पर अड़ा हुआ था।
हाउस स्पीकर केविन मैक्कार्थी के भारी खर्च में कटौती की मांग से पीछे हटने के बाद ही विधेयक पास हो पाया। मैकार्थी ने सदन में मतदान से पहले कहा, हम अपनी जिम्मेदारी निभाने जा रहे हैं। हम सदन में समझदारी दिखाएंगे और सरकार का साथ देंगे।
आपको बता दें कि अमेरिकी सरकार पर कर्ज बढ़कर 33 ट्रिलियन डॉलर के पार हो चुका है। बीते एक तिमाही में इसमें 1 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा का इजाफा हुआ है। ऐसे में विपक्ष लगातार ये सवाल उठा रहा है कि सरकार पर कर्ज बहुत ज्यादा है और ये देश की GDP से भी अधिक हो गया है।
सरकारी शटडाउन क्या है?
अमेरिका में कई संघीय सरकारी एजेंसियां वार्षिक फंडिंग पर निर्भर हैं, जिसे कांग्रेस द्वारा एप्रूव्ड किया जाता है। सांसदों को सरकार की फंडिंग एजेंसियों के लिए 12 अलग-अलग व्यय बिल पारित करने होते हैं, लेकिन यह प्रक्रिया समय लेने वाली है।
शटडाउन होता तो क्या होता?
अगर ये बिल डेडलाइन तक पास नहीं होता, तो फिर 1 अक्टूबर को अमेरिकी सरकार शटडाउन का ऐलान करती। इसके बाद अमेरिका में कोई फंडिंग कानून नहीं बनाया जा सकेगा। ऐसे में संघीय एजेंसियों को अपने सभी गैर-जरूरी काम-काज पर ब्रेक लगाना होता है।
अमेरिका में शटडाउन का सबसे ज्यादा असर देश के 33 लाख कर्मचारियों पर होता होता है। इनमें करीब 20 लाख कर्मचारी सिविल सर्विसेज के और 13 लाख डिफेंस एंप्लाईज प्रभावित होते। दरअसल, फंडिंग की कमी के कारण सरकार को अपने कर्मचारियों को सैलरी देने के भी लाले पड़ जाएंगे।
सरकारी काम-काज रुकने से देश में संचालित कई योजनाएं रुक जातीं। हालांकि, शटडाउन की स्थिति में अत्यावश्यक सेवाएं जारी रहती हैं, लेकिन नई स्कीम्स पर पूरी तरह से विराम लग जाता है।
अमेरिका में कब लगा शटडाउन
अमेरिका में शटडाउन काफी आम है। जब डोनाल्ड ट्रम्प राष्ट्रपति थे, तब 3 बार शटडाउन हुए थे, जिसमें इतिहास में सबसे लंबा 36 दिनों का शटडाउन शामिल था, जो जनवरी 2019 में समाप्त हुआ, जो मेक्सिको सीमा पर एक दीवार के वित्तपोषण पर असहमति के कारण हुआ था।
सीएनएन के अनुसार, 2018-19 में सरकारी शटडाउन के दौरान, अनुमानित 420,000 संघीय कर्मचारियों ने बिना वेतन के काम किया और अन्य 380,000 को छुट्टी दे दी गई।
क्या व्हाइट हाउस पर भी असर पड़ता है?
अमेरिका के राष्ट्रपति के पास गारंटीशुदा आय होती है और इसलिए वह बंद से प्रभावित नहीं होते हैं। संसद भी इससे प्रभावित नहीं होती है क्योंकि उनका फंडिंग बिल पहले ही मंजूर हो चुका है। हालांकि, इससे अमेरिकी न्याय विभाग प्रभावित होता है क्योंकि कई वकील और न्यायाधीश शटडाउन के दौरान काम नहीं करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications