अमेरिका ने अपने नागरिकों को कहा, पाकिस्तान जाने से बचें नागरिक
वाशिंगटन। अमेरिका ने पाकिस्तान में बढ़ती आतंकी गतिविधियों के मद्देनजर अपने नागरिकों को चेतावनी जारी की है। अमेरिकी विभाग की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि अमेरिकी नागरिक पाकिस्तान की यात्रा करने से बचें। विदेश विभाग के मुताबिक अगर बहुत जरूरी हो तभी वह पाक की यात्रा करें।

अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी के मुताबिक इस्लामाबाद में स्थित अमेरिकी दूतावास और कराची में कांसुलेट जनरल की ओर से पाक में मौजूद सभी अमेरिकी नागरिकों को जरूरी सेवाएं मुहैया कराई जाएंगी।
वहीं पेशावर में कांसुलेट जनरल की ओर से दी जाने वाली सभी सेवाओं को निरस्त कर दिया गया तो वहीं लाहौर में अमेरिकी कांसुलेट जनरल की ओर से सेवाओं को अस्थायी तौर पर निरस्त कर दिया गया है।
इस एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि पाक में नागरिकों, सरकार और विदेशी नागरिकों के खिलाफ आतंकी हमलों में तेजी आई है। हालांकि पाक सरकार की ओर से अमेरिका को भरोसा दिलाया गया है कि उसने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
पाक में लगातार बढ़ते आतंकी हमलों ने अमेरिका की चिंताओं को दोगुना कर दिया है। ऐसी रिपोर्ट्स मिली हैं कि आतंकियों की ओर से अमेरिकी नागरिकों और दूसरे विदेशी नागरिकों पर हमले की धमकी दी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications