India-US News: अमेरिकी राजदूत ने अजित डोवाल को क्यों कहा 'अंतरराष्ट्रीय खजाना'?
Ajit Doval News: भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी ने मंगलवार को भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल की जमकर प्रशंसा करते हुए उन्हें "अंतर्राष्ट्रीय खजाना" कहा है। एरिक गार्सेटी, जो राष्ट्रपति बाइडेन के काफी करीबी माने जाते हैं और जिन्होंने इसी साल भारत में अमेरिकी राजजूत का काम संभाला है, उन्होंने भारत के एनएसए अजीत डोवाल से मुलाकात की है।
उत्तराखंड के एक गांव के लड़के के रूप में अजीत डोवाल की विनम्र उत्पत्ति का जिक्र करते हुए अमेरिका के राजदूत ने कहा, कि "भारत के एनएसए न केवल एक राष्ट्रीय खजाना, बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय खजाना बन चुके हैं।" अमेरिकी दूत ने संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत के बीच मजबूत नींव के लिए भी प्रशंसा व्यक्त की है।

अमेरिका के राजदूत ने क्या कहा?
अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी ने कहा, कि "जब मैं संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत के बीच की नींव को देखता हूं, तो यह इतना मजबूत है, यह इतना स्पष्ट है, कि भारतीय अमेरिकियों से प्यार करते हैं और अमेरिकी भारतीयों से प्यार करते हैं।"
आपको बता दें, कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अगले हफ्ते अमेरिका की यात्रा पर जाने वाले हैं और उनकी यात्रा से पहले दोनों देशों के अधिकारियों के बीच यात्रा के दौरान होने वाले समझौतों को लेकर बातचीत की जा रही है। इसी को लेकर अमेरिका के एनएसए जैक सुलिवन इस हफ्ते भारत आए हैं, जहां उनकी मुलाकात भारत के एनएसए अजीत डोवाल से हुई है।
अजीत डोवाल और जैक सुलिवन के बीच क्रिटिकल एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज (आईसीईटी) के मुद्दे पर काफी अहम बैठक हुई है और एरिक गार्सेटी भी इस मौके पर मौजूद थे।
डिजिटल भुगतान और फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी में भारत की प्रगति की प्रशंसा करते हुए, अमेरिकी राजदूत ने कहा, कि "जब मैं डिजिटल भुगतान और फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी को देखता हूं, जो भारत के पास है, तो पता चलता है, कि हमने दुनिया को हिला दिया है। गांव में एक चाय की दुकान चलाने वाला अब यह तय कर सकता है, कि उसे भुगतान सीधे उसके फोन पर मिल जाए।" उन्होंने कहा, कि भारत 100 प्रतिशत डिजिटल पेमेंट वाला देश हो चुका है।
उन्होंने कहा, कि उन्होंने हाल ही में भारत में अलग अलग मतों में विश्वास रखने वाले नेताओं के एक समूह के साथ डिनर में हिस्सा लिया है और इस दौरान उनमें से एक ने कहा, कि "हम 4G, 5G और 6G के बारे में ये सभी बातें सुनते हैं, लेकिन यहां भारत में हमारे पास इससे भी ज्यादा शक्तिशाली कुछ है और वो है'गुरुजी'।
अजीत डोवाल-जैक सुलिवन की मुलाकात
इस बीच, दो दिवसीय भारत यात्रा पर आए अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सुलिवन ने मंगलवार को अपने भारतीय समकक्ष अजीत डोवाल से मुलाकात की और पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की।
सुलिवन के साथ उनकी यात्रा के दौरान अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों और अमेरिकी उद्योग जगत के नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल भी है। राष्ट्रीय राजधानी की उनकी यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका की आगामी राजकीय यात्रा के क्रम में हो रही है।
आपको बता दें, कि क्रिटिकल एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज की पहली बैठक इस साल 30 जनवरी को अमेरिका के वॉशिंगटन में हुई थी, जिसे यूएस चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित किया गया था और अब दूसरी बैठक नई दिल्ली में हुई है।
इससे पहले, अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल ने नई दिल्ली में एक-दूसरे से मुलाकात की थी और हिंद-प्रशांत और समुद्री, सैन्य और एयरोस्पेस डोमेन में विशिष्ट टेक्नोलॉजी में सहयोग पर चर्चा की।












Click it and Unblock the Notifications