Video: रूसी विश्वविद्यालय में ताबड़तोड़ फायरिंग, जान बचाने छात्रों ने लगाई खिड़कियों से छलांग, 8 की मौत
रूस के पर्म यूनिवर्सिटी में एक गुमान शख्स ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जान बचाने के लिए छात्र खिड़कियों से बाहर कूदते देखे जा रहे हैं।
मॉस्को, सितंबर 20: रूस के एक विश्वविद्यालय से सनसनीखेज तस्वीरें और वीडियो सामने आई हैं, जहां एक गुमनाम शख्स ने विश्वविद्यालय के अंदर ताबड़तोड़ फायरिंग कर पूरे विश्वविद्यालय में दहशत मचा दी है। फायरिंग के समय अपनी जान बचाने के लिए छात्र खिड़कियों से बाहर कूदते दिखाई दे रहे हैं। विश्वविद्यालय से आई एक वीडियो ने सनसनी फैला दी है।

यूनिवर्सिटी में फायरिंग
रूसी की स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, एक संदिग्ध शूटर ने यूनिवर्सिटी में फायरिंग की है, जिसकी वजह से छात्र खिड़कियों के बाहर कूदते देखे जा रहे हैं। स्थानीय मीडिया ने बताया कि पर्म स्टेट यूनिवर्सिटी में हुई इस घटना में आठ लोगों की मौत हो गई और 6 अन्य घायल हो गए हैं। तस्वीरों में विश्वविद्यालय के बाहर एक संदिग्ध को हथियार पकड़े हुए देखा जा रहा है। वहीं, आरटी न्यूज ने बताया कि रूसी सुरक्षा बल ने सोमवार सुबह पर्म क्राय क्षेत्र में पर्म स्टेट यूनिवर्सिटी (पीएसयू) में गोलीबारी करने वाले एक बंदूकधारी को मार गिराया है। रूस की TASS समाचार एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि, "कुछ छात्रों ने हमलावर से खुद को बचाने के लिए विश्वविद्यालयों के सभागारों में खुद को बंद कर लिया। कुछ छात्र खिड़कियों से बाहर कूद गए।"
खिड़की से कूदे छात्र
सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें छात्रों को खिड़कियों से कूदते देखा जा रहा है। रूस की स्थानीय मीडिया के मुताबिक, हमलावर की पहचान तैमूर बेकमांसुरोव के तौर पर की गई है, जिसे मार गिराया गया है। सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि हमलावर की उम्र सिर्फ 18 साल की थी, जिसकी मौके पर ही गोली लगने से मौत हो गई है। एक और वीडियो में हमलावर को एक बड़े हथियार के साथ पर्म यूनिवर्सिटी की तरउ आता हुआ दिखाई दे रहा है। आपको बता दें कि रूस की राजधानी मॉस्क से 700 मील पूर्व में पर्म यूनिवर्सिटी स्थित है, जहां गोलीबारी में आठ लोगों के मौत की पुष्टि की जा चुकी है।
Reports of multiple casualty . pic.twitter.com/tpge1qdjgY — Enemy Slayer (@EnemySlayer24_7) September 20, 2021 '>
यूनिवर्सिटी स्कूल में पढ़ता था शूटर
स्थानीय पुलिस ने शुरूआती तफ्तीश में बताया है कि जिस यूनिवर्सिटी में हमला किया गया है, आरोपी शूटर भी उसी यूनिवर्सिटी के स्कूल में पढ़ता था। बताया जा रहा है कि गोलीबारी के दौरान आरोपी हमलावर छात्र ने एक नोट भी छोड़ा है, जिसमें गोलीबारी की वजह बताई गई है, लेकिन अभी तक पता नहीं चल पाया है कि उस नोट में क्या लिखा है। रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने नोट को जब्त कर लिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ने सोशल मीडिया पर हमला करने के बारे में लिखा था, जिसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने फौरन छात्रों को किसी कमरे में खुद को बंद कर लेने या फौरन यूनिवर्सिटी से बाहर निकलने के लिए कहा था।
भारत ने जताया दुख
वहीं, भारत सरकार ने यूनिवर्सिटी में फायरिंग की इस वारदात के बाद गहरा दुख जताया है। रूस में भारतीय दूतावास की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि, ''रूस के पर्म स्टेट यूनिवर्सिटी में हुए भीषण हमले से हम स्तब्ध हैं। जानमाल के नुकसान के लिए हमारी गहरी संवेदना है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं। दूतावास स्थानीय अधिकारियों, भारतीय छात्रों के प्रतिनिधियों के संपर्क में है। सभी भारतीय छात्र सुरक्षित हैंं''।












Click it and Unblock the Notifications