कई विवादों के बीच हो रही G20 की बैठक, भारत को लेकर क्या बोले UN महासचिव गुटेरेस?
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटारेस ने विश्वास व्यक्त किया है कि भारत जी-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इसके साथ उन्होंने उम्मीद जताई है कि बैठक में मौजूदा भू-राजनीतिक विवादों को दूर किए जाएंगे और विश्व नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक संभावित परिणामों के साथ पूरी हो पाएगी इसके लिए भारत हर संभव प्रयास करेगा।
आपको बता दें कि जकार्ता में आयोजित 13वें आसियान-संयुक्त राष्ट्र शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुटेरेस भी अन्य शीर्ष नेताओं के साथ 9 और 10 सितंबर को जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए शुक्रवार को दिल्ली पहुंच रहे हैं।

गुटारेस जी-20 मेजबान के रूप में भारत से उनकी अपेक्षाओं के साथ-साथ अफ्रीकी संघ को दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के समूह में लाने के लिए भारत के समर्थन पर एक सवाल का जवाब दे रहे थे।
भारत ने पिछले साल दिसंबर में जी-20 की अध्यक्षता संभाली थी। अब दिल्ली में विश्व के शीर्ष नेताओं का शिखर सम्मेलन कई भू-राजनीतिक चुनौतियों के बीच हो रहा है। इन चुनौतियों में यूक्रेन युद्ध, कोविड-19 महामारी का प्रभाव, आर्थिक मंदी, बिगड़ती जलवायु, बढ़ती गरीबी और असमानताएं शामिल हैं। यही इस बार जी-20 के लिए मुख्य मुद्दे हैं।
गुटारेस ने कहा कि चूंकि मैं जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग ले रहा हूं, इसलिए कुछ सवाल हैं जो मेरे लिए जरूरी होंगे। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संरचनाओं को आज की दुनिया की जरूरतों के अनुकूल बनाने के लिए सम्मेलन में सुधार के बारे में एक स्पष्ट संदेश देना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि एक अन्य महत्वपूर्ण पहलू ऋण राहत और दीर्घकालिक रियायती धन तक पहुंच की स्थिति बनाना है जो कई देशों को कर्ज संकट के कगार पर पहुंचा रहा है, ताकि विकासशील देशों को कोविड -19, यूक्रेन युद्ध और कई अन्य स्थितियों के प्रभावों से उबरने में सक्षम बनाया जा सके।
गुटेरेस ने आगे कहा कि कई देशों को ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसमें उनके पास अपने लोगों की जरूरतों को पूरा करने के लिए राजकोषीय गुंजाइश नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications