Women in Afghanistan: अफगानिस्तान में तालिबान का एक और फरमान, UN की महिला स्टाफ पर लगाया प्रतिबंध
यूएन ने अफगानिस्तान में अपने लगभग 3,300 कर्मचारियों को अगले 48 घंटों तक काम पर नहीं आने के लिए कहा है। इन कर्मचारियों में करीब 400 महिलाएं शामिल हैं।

Image: Oneindia
अफगानिस्तान में तालिबान ने एक बार फिर से महिलाओं के खिलाफ फरमान सुनाया है। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक तालिबान ने अफगान महिलाओं के यूएन से जुड़ी एनजीओ में काम करने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक तालिबान ने अभी तक इस संबंध में लिखित आदेश नहीं दिया है लेकिन मौखिक तरीके से ये फरमान सुनाया गया है। तालिबान के इस आदेश के बाद यूएन ने अपने अफगानकर्मियों को अगले 48 घंटे तक काम पर न आने की सलाह दी है।
अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (UNAMA) के मुताबिक गया कि यहां पर पूर्वी नांगरहार प्रांत में संयुक्त राष्ट्र की महिला कर्मचारियों को काम करने से रोक दिया गया। यूएन महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि तालिबान ने पूरे अफगानिस्तान में अपना आदेश लागू किया है।
तालिबान के इस फरमान के बाद संयुक्त राष्ट्र ने इसकी निंदा की है। यूएन महासचिव प्रवक्ता दुजारिक के मुताबिक, "इस तरह का कोई भी प्रतिबंध अस्वीकार्य और स्पष्ट रूप से अकल्पनीय होगा।" उन्होंने कहा, "यह एक परेशान करने वाली हरकत है, भला ऐसा कोई कैसे कर सकता है?
अफगानिस्तान में लगभग 400 महिलाएं हैं, जो संयुक्त राष्ट्र की कर्मचारी हैं। इन पर अब तालिबान द्वारा यूएन से जुड़े एनजीओ के लिए काम करने से प्रतिबंधित कर दिया गया है। इससे पहले यूएन के साथ काम करने वालों को प्रतिबंध से छूट दी गई थी।
आपको बता दें कि 15 अगस्त 2021 को तालिबान के अफगानिस्तान दोबारा सत्ता संभालने के बाद महिलाओं को लेकर कड़े नियम लागू कर दिए हैं। फरवरी महीने में तालिबान ने गर्भनिरोधक गोलियों की ब्रिकी पर रोक लगा दिया था।
सितंबर 2021 में तालिबान ने काबुल स्थित महिला मंत्रालय में महिला कर्मचारियों के ही प्रवेश पर रोक लगा दी। शुरुआत में केवल पुरुषों को ही मंत्रालय में जाने की अनुमति दी गयी लेकिन बाद में इस महिला मंत्रालय को ही खत्म कर दिया गया।
इसके अलावा भी अफगानिस्तान में तालिबानी सरकार ने कई प्रतिबंध लगा दिए हैं। महिलाओं के लिए हिजाब पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। उनकी उच्च शिक्षा पर रोक लगा दिया गया है। महिलाओं को पार्क में जाने पर भी रोक लगा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications