संयुक्त राष्ट्र ने भारत-पाक को बातचीत कर विवाद सुलझाने की दी सलाह
भारत-पाकिस्तान सीमा पर लगातार बढ़ते तनाव ने सभी का ध्यान इस ओर आकर्षित कर दिया है। पाकिस्तान की ओर से सरहद पर किये जा रहे संघर्षविराम उल्लंघन पर भारत ने कई बार पाक को करारा जवाब भी दिया। लेकिन पाक अपने नापाक इरादों से बाज नहीं आ रहा। लिहाजा, अब इस संवेदनशील मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र ने भी आवाज उठायी है।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने भारत और पाकिस्तान से सभी विवादों को शांतिपूर्वक और बातचीत के जरिए सुलझाने की अपील की है। यह बयान उन्होंने पाकिस्तान द्वारा लगातार सीमा पर की जा रही गोलीबारी और दोनों देशों के बीच विदेश सचिव स्तरीय वार्ता को रद करने संबंधित एक सवाल के जवाब में दिया।
हालांकि वह दोनों देशों के बीच मध्यस्थता करने और दोनों देशों के प्रमुखों को बातचीत के लिए प्रोत्साहित करने के प्रश्न का जवाब देने से कतरा गए। गौरतलब है कि भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित के कश्मीरी अलगाववादियों के साथ बातचीत करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने इस्लामाबाद में विदेश सचिवों की 25 अगस्त को होने वाली बैठक रद्द कर दी थी।
वहीं, पिछले कुछ दिनों से भारतीय सीमा पर पाक सैनिकों द्वारा युद्धविराम उल्लंघन की घटनाओं में भी इजाफा हुआ है। युद्ध विराम के उल्लंघन पर भारत के रक्षा मंत्री अरुण जेटली का कहना है कि भारतीय फौज पाकिस्तान की इन हरकतों का मुंहतोड़ जवाब देगी।












Click it and Unblock the Notifications