वॉर के बीच खिले प्यार के फूल, यूक्रेनी जवान ने कुछ ऐसे किया इश्क का इजहार, Video Viral
कीव, 08 मार्च: यूक्रेन पर रूस की सेना का हमला तेज हो गया है। रूसी सैनिकों की दहशत के बीच यूक्रेन के लोग अपनी जान बचाकर देश छोड़कर भागने को मजबूर है। मंगलवार को यूक्रेन पर हमले को 13 दिन हो चुके हैं। इस बीच यूक्रेन से कई भयानक खबरें सामने आ रही है। राजधानी कीव से लेकर कई बड़े शहरों को काफी नुकसान पहुंचाया जा चुका है। हजारों लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। ऐसी गंभीर खबरों के बीच सोशल मीडिया पर एक प्यारा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक यूक्रेनी सैनिक अपनी लवर को प्रपोज करता हुआ दिखाई दे रहा है।

वॉर के बीच खिले प्यार के फूल
सोशल मीडिया पर जंग की दहशत वाली वीडियोज और फोटोज के बीच अब एक दिल को छू लेने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें यूक्रेन के सैनिकों की एक टीम कुछ नागरिकों को उनकी कार रोकने के बाद एक सैन्य चौकी पर तलाशी लेते देखा जा सकता है। वीडियो की स्टार्टिंग में नागरिकों को सैनिकों की ओर पीठ करके और कार पर हाथ रखे हुए देखा जा सकता है। जब सैनिकों ने उनकी तलाशी ली, तो उनमें से एक जवान को घुटने के बल नीचे बैठे हुए देखा जा सकता है।

एक हाथ में रिंग, दूसरे में गुलदस्ता
घुटने के बल बैठे जवान के हाथ में एक रिंग थी और उसने अपनी पीठ के पीछे फूलों का गुलदस्ता छुपाया हुआ था। उसने महिला को पीछे से धक्का दिया और जैसे ही वह मुड़ी, उसने उसे प्रपोज कर दिया। एक बार तो वो महिला कुछ समझ नहीं पाई, लेकिन जब उसने ध्यान से देखा तो उसने जवान को गले लगा लिया, जबकि वहां मौजूद दूसरे लोग इस पल को वीडियो में रिकॉर्ड करते हुए इसकी खुशी मनाते दिखे।

"इस प्रपोजल को मना कर पाना मुश्किल है"
यूकेनी जवान के प्रपोज करने के बाद महिला ने उसको किस किया और उसे गले से लगा लिया। अब यह प्यार भरा पल सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिस पर लोग जमकर प्यार बरसा रहे हैं। इस प्यारी वीडियो को ट्विटर पर कई यूजर्स ने पोस्ट किया है। यहां तक कि सीबीएस मियामी के एंकर केंडिस गिब्सन ने इसे शेयर करते हुए लिखा, "इस प्रपोजल को मना कर पाना मुश्किल है।"

यूजर्स वीडियो पर बरसा रहे प्यार
वहीं सोशल मीडिया यूजर्स भी खुद को इस वीडियो पर कमेंट करने से नहीं रोक पा रहे। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, "प्यार फैलाओ, युद्ध नहीं।" वहीं एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, "यूक्रेन में युद्ध के दौरान एक दिल को छू लेने वाला पल, जहां जवान ने अपनी प्रेमिका को शादी के लिए प्रपोज किया।" बता दें कि 24 फरवरी को रूसी हमले के ऐलान के बाद से 1 मिलियन से अधिक लोग यूक्रेन से भाग चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications