युद्ध के बीच यूक्रेन ने भारत से की गुजारिश, कहा- पीएम मोदी! प्लीज, रूस से बात कर बंद करवाएं जंग
भारत में यूक्रेन के राजदूत आइगोर पोलिखा ने बकायदा नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए भारत सरकार से इस मुश्किल घड़ी में मदद की गुहार लगाई है
कीव/नई दिल्ली, फरवरी 24: युद्ध के बीच यूक्रेन ने भारत से मदद की गुहार लगाई है और यूक्रेन ने कहा है कि, दुनिया में अभी सिर्फ भारत ही एकमात्र देश है, जो यूक्रेन संकट को टाल सकता है। यूक्रेन ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अपील की है, कि वो फौरन रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात करें और युद्ध को खत्म करवाएं।

भारत से यूक्नेन की गुजारिश
भारत में यूक्रेन के राजदूत आइगोर पोलिखा ने बकायदा नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए भारत सरकार से इस मुश्किल घड़ी में मदद की गुहार लगाई है और कहा है कि, भारत और रूस के संबंध काफी अच्छे हैं और सिर्फ भारत ही उसे युद्ध के दलदल से बाहर निकाल सकता है। यूक्रेन के राजदूत आइगोर पोलिखा ने कहा कि, भारत हमेशा से ही गुटनिरपेक्ष देशों का अगुवा रहा है और दुनिया में भारत ही एकमात्र ऐसा देश है, जिसकी विश्वसनीयता काफी ज्यादा है और अगर भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रूस के राष्ट्पति व्लादिमीर पुतिन से बात करते हैं, तो उनकी बात रूसी राष्ट्रपति नहीं टालेंगे।
यूक्रेनी राजदूत ने क्या कहा?
भारत में यूक्रेन के राजदूत ने आइगोर पोलिखा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, ''यह तीखी आक्रामकता का मामला है जो सुबह पांच बजे शुरू हुआ है। हमने जानकारी की पुष्टि की है कि बहुत सारे यूक्रेनी हवाई अड्डों, सैन्य हवाई अड्डों, सैन्य प्रतिष्ठानों पर बमों और मिसाइल हमलों से हमला किया गया है''। उन्होंने आगे कहा कि, '' कुछ हमले राजधानी (कीव) के बाहरी इलाके में हुए हैं, जबकि, कुछ हमले यूक्रेन के आबादी वाले इलाकों में हुए हैं। उन्होंने कहा कि, हमें अपने सैनिकों और नागरिक आबादी के बीच हताहतों के बारे में पहली जानकारी मिल रही है और पता चल रहा है कि, कुछ लोग मारे जा चुके हैं। उन्होंने आगे कहा कि, राजधानी के बाहरी इलाके में भी हमारे पास नागरिकों के हताहत होने की खबर है। वहीं, कुछ इलाकों में लड़ाई हो रही है। हमारे रक्षा मंत्रालय की जानकारी के अनुसार, यूक्रेनी पक्ष ने 5 रूसी लड़ाकू विमानों, 2 हेलीकॉप्टरों को मार गिराया, हमने 2 टैंक और कई ट्रक नष्ट कर दिए हैं।
भारतीय एक्सपर्ट्स की राय
हालांकि, यूक्रेन के मदद मांगने के बाद रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि, भारत से जो मदद मांगी गई है, उसमें भारत को मदद करने में खुशी होगी, लेकिन सवाल ये है कि, आखिर यूक्रेन ने भारत को ऐसा क्या ऑफर दिया है, जिसको लेकर भारत रूस से बात करे। आखिर यूक्रेन किन मुद्दों पर रूस से समझौता करना चाहता है। वहीं, भारतीय रक्षा विशेषज्ञ लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) राकेश शर्मा ने आजतक से बात करते हुए कहा कि, भारत को बीच में नहीं आना चाहिए, क्योंकि रूस ने काफी सोच समझ कर हमला किया है और ये वक्त ऐसा नहीं है, कि भारत को बीच में हस्तक्षेप करनी चाहिए।

रूस ने किया है जंग का ऐलान
आपको बता दें कि, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि, ''जो कोई भी हमारे देश और हमारे लोगों के लिए खतरे पैदा करने के लिए हमारे अभियान में हस्तक्षेप करने की कोशिश करता है, या उससे भी ज्यादा कोई कोशिश करता है, तो उसे पता होना चाहिए कि रूस की प्रतिक्रिया तत्काल होगी और आपको ऐसे परिणामों की ओर ले जाएगी जैसा आपने अपने इतिहास में पहले कभी अनुभव नहीं किया है। टीवी पर प्रसारित अपने संबोधन में पुतिन ने कहा कि यह कार्रवाई यूक्रेन से आने वाली धमकियों के जवाब में की गई है। उन्होंने कहा कि रूस का यूक्रेन पर कब्जा करने का कोई लक्ष्य नहीं है। पुतिन ने कहा कि रक्तपात रोकने की जिम्मेदारी यूक्रेन की "शासन" की है। इसके साथ ही पुतिन ने अन्य देशों को चेतावनी दी है, कि रूसी कार्रवाई में हस्तक्षेप करने के किसी भी प्रयास के परिणाम ऐसे होंगे, जैसा "उन्होंने कभी नहीं देखा होगा।"












Click it and Unblock the Notifications