राष्ट्रपति चुनाव के बीच रूस में यूक्रेन ने की बमों की बारिश.. आज जीतने के बाद क्या होगा पुतिन का जवाब?
Ukraine launches Attack on Russia: रूस राष्ट्रपति चुनाव में आज मतदान का आखिरी दिन है, लेकिन चुनाव के आखिरी दिन यूक्रेन ने रूस में बमों की बारिश कर दी है, जिसके बाद आशंका जताई जा रही है, कि इलेक्शन में जीत हासिल करने के बाद राष्ट्रपति पुतिन का जवाब क्या होगा?
रूस में हो रहे राष्ट्रपति चुनाव में व्लादिमीर पुतिन का जीतना तय माना जा रहा है और आज जीत हासिल करने के बाद अगले 6 सालों के लिए और रूस की कमान उनके हाथों में आ जाएगी। खासकर, ये मतदान इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि रूसी जनता का यूक्रेन युद्ध को लेकर क्या सोचना है, इसकी भी झलक चुनाव में देखने को मिल सकती है।

रूस ने यूक्रेनी हमले को किया नाकाम
वहीं, रूसी रक्षा मंत्रालय ने रात भर में 35 यूक्रेनी ड्रोनों को मार गिराने की रिपोर्ट दी है, जिनमें मॉस्को क्षेत्र में चार ड्रोन हमले शामिल थे। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने कहा है, कि ड्रोन हमले में कोई हताहत या कोई नुकसान नहीं हुआ है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, अन्य दो ड्रोन रूसी राजधानी के ठीक दक्षिण में कलुगा क्षेत्र और मॉस्को के उत्तर-पूर्व में यारोस्लाव क्षेत्र में दागे गए थे।
यूक्रेन ने अपनी सीमा से करीब 800 किलोमीटर दूर यारोस्लाव क्षेत्र में भी हमले किए हैं, जो अब तक रूस के सबसे दूर क्षेत्र में किया गया हमला है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है, कि यूक्रेन और दक्षिणी क्रास्नोडार क्षेत्र की सीमा से लगे बेलगोरोड, कुर्स्क और रोस्तोव क्षेत्रों में कई यूक्रेनी ड्रोन गिराए गए हैं।
आपको बता दें, कि युद्ध में यूक्रेन अब तेजी से हारता जा रही है और उसके करीब 30 प्रतिशत क्षेत्र पर रूस ने पूरी तरह से नियंत्रण स्थापित कर लिया है और उन क्षेत्रों में भी रूस राष्ट्रपति चुनाव करवा रहा है, जिसका अमेरिका के साथ साथ पश्चिमी देशों ने कड़ा विरोध किया है।
लेकिन, यूक्रेन के ड्रोन हमले का काफी भीषण जवाब देने की घोषणा रूस की तरफ से की गई है।
रूसी सुरक्षा परिषद की बैठक के दौरान प्रतिज्ञा ली गई है, कि इन हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। परिषद की तरफ से जारी बयान में कहा गया है, कि "इन हमलों के लिए दुश्मनों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा।"
बयान में आगे कहा गया है, कि "हमें यकीन है, कि हमारे लोग, रूस के लोग, और भी ज्यादा एकजुटता के साथ इसका जवाब देंगे।" रूस को युद्ध में मिल रही बढ़त के बीच यूक्रेन ड्रोन हमलों से रूस का मुकाबला करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन उसकी मारक क्षमता लगातार कमजोर होती जा रही है, क्योंकि यूक्रेन को मिलने वाली पश्चिमी देशों की मदद में लगातार कमी आती जा रही है।
शनिवार को, रूसी सीमावर्ती शहर बेलगोरोड में यूक्रेनी गोलाबारी में दो लोग मारे गए और तीन अन्य घायल हुए हैं। रूसी सेना ने यह भी दावा किया है, कि उसने शनिवार को यूक्रेनी घुसपैठ को नाकाम किया है।












Click it and Unblock the Notifications