मॉस्को में फिर हुआ ड्रोन हमला, 48 घंटे में उसी बिल्डिंग पर दूसरा अटैक, रूस ने यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया
रूस की राजधानी मॉस्को पर एक बार फिर से ड्रोन हमला हुआ है। 48 घंटों के भीतर मॉस्को पर ये दूसरा ड्रोन हमला है। ये हमला उसी बिल्डिंग पर हुआ है जहां 2 दिन पहले भी हमला किया गया था।
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने कहा कि रूस की राजधानी मॉस्को में एक गगनचुंबी इमारत पर फिर से ड्रोन हमला हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारे डिफेंस सिस्टम ने कई ड्रोन हमले को नाकाम कर दिया मगर एक ड्रोन बिल्डिंग तक पहुंचने में सफल हो गया।

रिपोर्ट के मुताबिक बिल्डिंग के जिस फ्लोर पर अटैक हुआ, वहां कई सरकारी दफ्तर हैं। मेयर सोबयानिन ने कहा कि 21वीं मंजिल पर बिल्डिंग का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाएं घटनास्थल पर काम कर रही हैं। अबतक कोई चोट की सूचना नहीं मिली है।
रूस ने इसे फिर से आतंकी हमला बताया है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने इस हमले के लिए यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, कीव ने इसे लेकर कोई टिप्पणी नहीं की है।
इस हमले के बाद वनुकोवो एयरपोर्ट बंद कर दिया गया है। सभी फ्लाइट कैंसल कर दी गई हैं। हमले के बाद मॉस्को में इमरजेंसी सर्विसेज एक्टिव हो गई हैं।
इससे 2 दिन पहले दो ड्रोन से रूसी राजधानी पर हमला किया गया था। उनमें से एक क्रेमलिन से लगभग तीन किलोमीटर दूर मॉस्को नदी के किनारे रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय के पास, शहर के बीचोंबीच गिरा। वहीं, दूसरे ड्रोन से दक्षिणी मॉस्को में एक कार्यालय भवन पर हमला किया गया, जिससे कई ऊपरी मंजिलें नष्ट हो गईं।
इस हमले से 2 दिन पहले भी यूक्रेन के ड्रोन ने मॉस्को पर हमला करने की कोशिश की थी, जिसे रूसी सेना ने नाकाम कर दिया था। रूसी रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया था कि उसने रात में यूक्रेन के ड्रोन हमले को विफल कर दिया है।
इस महीने की शुरुआत में रूस ने 5 यूक्रेनी ड्रोनों को मार गिराने का दावा किया था, जिन्होंने मॉस्को के वनुकोवो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के कामकाज को बाधित किया था।












Click it and Unblock the Notifications