रूस का फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन शुरू? यूक्रेन में गैस पाइपलाइन और कार में धमाके, शुरू होने वाली है जंग?
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अमेरिका की 'महत्वपूर्ण खुफिया क्षमता' का हवाला देते हुए कहा है कि, 'रूस ने यूक्रेन पर हमला करने का फैसला कर लिया है'।
मॉस्को, फरवरी 19: क्या यूक्रेन पर रूसी हमले का काउंटडाउन शुरू हो गया है और क्या रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन को शुरू कर दिया है, जिसकी बात बार बार अमेरिका कर रहा था? दरअसल, पूर्वी यूक्रेन में एक कार में बम विस्फोट होने के बाद दो और जबरदस्त धमाकों की खबर आ रही है, जिसके बाद यूक्रेन में रूसी हमले की आशंका के बीच क्षेत्र से करीब 7 लाख यूक्रेनी नागरिकों को निकाला गया है।

रूस ने शुरू किया फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन?
यूक्रेन से आ रही रिपोर्टों के अनुसार, यूक्रेन के एक गैस पाइपलाइन में विस्फोट हुआ है। हालांकि, अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है, कि विस्फोट किसने किया है, लेकिन धमाका काफी जबरदस्त था। वहीं, पूर्वी यूक्रेन कई कई इलाके, जैसे लुहान्स्क, जहां रूसी अलगाववादी भारी संख्या में रहते हैं, वहां स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है। गैस पाइपलाइन विस्फोट के कुछ घंटों के बाद डोनेट्स्क में एक कार में भारी धमाका हुआ है और दावा किया गया है कि, कार को बम विस्फोट में उड़ाया गया है। ऐसा दावा किया जा रहा है कि, रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन शुरू कर दिया है और अब बहुत जल्द रूस यूक्रेन पर हमला कर सकता है।

अमेरिका ने किया, जंग का दावा
वहीं, अमेरिका ने कहा है कि, रूस ने अब यूक्रेन पर हमला करने का मन बना लिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अमेरिका की 'महत्वपूर्ण खुफिया क्षमता' का हवाला देते हुए कहा है कि, 'रूस ने यूक्रेन पर हमला करने का फैसला कर लिया है'। इसके साथ ही अमेरिका ने रूस के खिलाफ बड़े पैमाने पर आर्थिक और राजनयिक प्रतिबंधों को लगाने की धमकी भी दी है और कहा है कि, अभी भी रूस के पास वक्त और और उसे अपने फैसले पर विचार करनी चाहिए। जो बाइडेन ने कहा कि, रूसी राष्ट्रपति पुतिन को अपनी कार्रवाई पर पुनर्विचार करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि, रूस को आक्रमण की कीमत चुकाने के लिए अमेरिका और उसके पश्चिमी सहयोगी पहले से कहीं अधिक एकजुट हैं। यह तब आया जब एक अमेरिकी अधिकारी ने दावा किया है कि, यूक्रेन के साथ सीमा के पास मौजूद 40 से 50 प्रतिशत रूसी सैनिक अब 'हमले की स्थिति' में आ गये हैं।
Recommended Video

हमले को रोकने की कोशिश
वहीं, फ्रांसीसी राष्ट्रपति भवन के एक उच्च अधिकारी ने कहा कि, ''आज रात पश्चिमी सहयोगी रूस को यूक्रेन पर हमला करने से रोकने के लिए दृढ़ थे और पूर्वी यूक्रेन में विस्फोटों की रिपोर्ट से हम चिंतित हैं, और रूस पहले भी इस तरह के बहाने बनाकर हमलों को अंजाम दे चुका है और ये बम धमाके उसी तरह के हैं। रूसी अलगाववादी बाहुल्य यूक्रेनी क्षेत्र डोनेट्स्क में पीपुल्स रिपब्लिक के मुख्यालय के पास विस्फोट में कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है और ये कार क्षेत्रीय सुरक्षा के प्रमुख डेनिस सिनेंकोव की थी। ऐसे में आशंका ये है, कि क्या ये रूस का 'फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन' है और क्या अब रूस बहुत जल्द यूक्रेन पर हमला करने वाला है?

कार धमाके पर रूस का दावा
वहीं, रूस की सरकारी मीडिया ने दावा किया है कि, कार में बम धमाका करने का मकसद शीर्ष रूसी अलगाववादी नेता की हत्या करना था, जो इस वक्त बीमार हैं, लेकिन कार बम धमाके में उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। लेकिन, कार बम धमाके के बाद से ही क्षेत्र से करीब 7 लाख लोगों को युद्ध की आशंका को देखते हुए बाहर निकाल लिया गया है। विद्रोहियों के कब्जे वाले प्रमुख शहर लुहान्स्क में चल रही एक अंतरराष्ट्रीय तेल पाइपलाइन में विस्फोट होने के कुछ ही घंटों बाद आसमान में आग का गोला जलते देखा गया। विस्फोट ने ड्रुज़बा पाइपलाइन को हिलाकर रख दिया जो रूस से पूर्वी और मध्य यूरोप के विभिन्न क्षेत्रों तक जाती है।

'फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन' का मकसद?
यदि पश्चिमी देशों के 'फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन' के दावे को सही माना जाए, तो इसका मतलब यह होगा कि पुतिन की सेना ने कार को खुद उड़ा दिया है, ताकि यह दावा किया जा सके, कि यूक्रेन का पूर्वी क्षेत्र- और इसमें रहने वाले रूसी मूल निवासी खतरे में हैं। यानि, यूक्रेन में रहने वाले रूसी मूल के लोगों की सुरक्षा करने के नाम पर रूसी सैनिक अपने टैंको और हथियारों के साथ यूक्रेन में घुस सकते हैं और अपने ऑपरेशन को अपने लोगों की सुरक्षा के नाम पर जायज ठहरा सकते हैं। वहीं, कार धमाके से पहले अलगाववादियों के कब्जे वाले दोनों इलाके, ''पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ डोनेट्स्क और लुहान्स्क पीपुल्स रिपब्लिक'' के अलगाववादी नेताओं ने रूसी समर्थक लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को यूक्रेनी हमले का दावा करते हुए क्षेत्र को फौरन खाली करने को कहा है। हालांकि, यूक्रेन ने साफ तौर पर किसी भी हमले के दावे से इनकार किया है।

2 लाख सैनिक हमले को तैयार?
आपको बता दें कि, शुक्रवार को अलगाववादियों के कब्जे वाले दोनों यूक्रेनी शहरों में भीषण गोलाबारी हुई थी और अलगाववादी नेताओं और यूक्रेन की सरकार ने इसके लिए एक दूसरे पर आरोप लगाए थे। वहीं, आज से रूस परमाणु मिसाइलों के साथ यूक्रेन की सीमा पर युद्धाभ्यास भी करने जा रहा है और इस युद्धाभ्यास की निगरानी खुद रूसी राष्ट्रपति पुतिन करने वाले हैं। वहीं, रूस के परमाणु मिसाइल हथियारों के युद्धाभ्यास के बीच दावा किया गया है कि, यूक्रेन की सीमा पर अब करीब 2 लाख रूसी सैनिक पहुंच गये हैं और वो यूक्रेन पर हमला करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। इन सैनिकों के पास टैंक, तोपें, अलग अलग हेलिकॉप्टर्स, फाइटर जेट्स और मिसाइल मौजूद हैं, जिन्हें पिछले एक साल से रूस जमा कर रहा था।












Click it and Unblock the Notifications