एक बार फिर स्वेज नहर में फंसा जहाज, हजारों टन मकई लादकर यूक्रेन से चीन जा रहा था शिप
एमवी ग्लोरी इस अहम वाटरवे में फंसने वाला पहला शिप नहीं है। मार्च 2021 में एवर गिवेन नाम का एक मालवाहक जहाज स्वेज नहर में फंस गया था जिसने पूरी दुनिया की चिंता को बढ़ा दिया था। इसे बहुत मुश्किल से निकाला जा सका।

File Image: PTI
मिस्र की स्वेज नहर एक बार फिर चर्चा में आ गई है। एक बार फिर इसके सुर्खियों में आने की वजह जहाज फंसना है। फिलहाल मिस्र के वाटरवे में फंसे एक कार्गो शिप को निकाल लिया गया है। स्वेज कैनाल अथॉरिटी (SCA) और सरकारी टीवी ने इसकी जानकारी दी है। नहर में सेवा प्रदान करने वाली कंपनी लेथ एजेंसीज ने कहा कि एमवी ग्लोरी नाम का शिप इस्माइलिया के स्वेज नहर प्रांत में कंतारा शहर के पास फंस गया।
यूक्रेन से चीन जा रहा था शिप
इस जहाज पर 65,000 मीट्रिक टन मकई लदा था जो कि यूक्रेन से चीन जा रहा था। कंपनी ने कहा कि 3 कैनाल टगबोट को पोत को निकालने के काम पर लगाया गया था। कैनाल टगबोट ये कोशिश कर रहे थे कि किसी तरह से कार्गो शिप एक बार फिर से तैरने लगे। अधिकारियों के पास इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि जहाज किस कारण से फंसा। उत्तरी प्रांतों सहित मिस्र के कुछ हिस्सों में रविवार को मौसम खराब था।
जहाज के फंसने का कारण पता नहीं
नहर में सेवाएं देने वाली कंपनी ने सोमवार को कहा था कि मिस्र की स्वेज नहर में एक मालवाहक जहाज फंस गया था। यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो पाया कि पोत के फंसने के कारण नहर में यातायात प्रभावित हुआ या नहीं। द एसोसिएटेड प्रेस द्वारा विश्लेषण किए गए उपग्रह ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि एमवी ग्लोरी नाम का कार्गो शिप भूमध्य सागर पर पोर्ट सईद के दक्षिण में स्वेज नहर के सिंगल-लेन स्ट्रेच में फंस गया था।
7 दिनों तक फंसा रहा एवर गिवेन
एमवी ग्लोरी इस अहम वाटरवे में फंसने वाला पहला शिप नहीं है। मार्च 2021 में इसी तरह का एक मालवाहक जहाज स्वेज नहर में फंस गया था जिसने पूरी दुनिया की चिंता को बढ़ा दिया था। 400 मीटर (1,310 फुट) जहाज लगभग 18,300 कंटेनरों से भरा हुआ था। दरअसल लाल सागर और भूमध्य सागर के बीच स्थित स्वेज कैनाल में एवर गिवेन नाम का जहाज 7 दिनों तक फंसा रहा था जिससे जलमार्ग बाधित हो गया था और सैकड़ों जहाज पानी में फंस गए थे। एवर गिवेन को टगबोट्स के जरिए भारी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया था।
व्यापार की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है स्वेज नहर
स्वेज नहर से प्रति दिन 9 अरब डॉलर का व्यापार होता है। आधिकारिक आंकड़े के अनुसार स्वेज नहर से मात्रा के हिसाब से दुनिया का करीब 12 प्रतिशत व्यापार होता है। लेकिन जहाजों के जरिए माल ढुलाई के दैनिक परिवहन के आधार पर इसकी हिस्सेदारी 30 प्रतिशत है। इस लिहाज से यह यूरोप और एशिया के बीच व्यापार के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। इस रूट से हर साल लगभग 20 हजार जहाज सफर करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications