75 साल के हुए ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय, भारतीय नर्सों संग मनाया जन्मदिन
ब्रिटेन के किंग महाराजा चार्ल्स तृतीय मंगलवार को 75 वर्ष के हो गए। उनके जन्मदिन पर राजधानी लंदन में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस खास मौके पर किंग चार्ल्स बकिंघम पैलेस में भारतीय नर्स सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय चिकित्सकों के लिए एक विशेष स्वागत समारोह में शामिल हुए।
ये नर्स ब्रिटेन की राज्य वित्त पोषित राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (एनएचएस) में योगदान करती हैं। मंगलवार शाम आयोजित हुए इस कार्यक्रम में भारत, फिलीपींस, श्रीलंका, नेपाल और केन्या जैसे देशों का प्रतिनिधित्व करने वाली लगभग 400 नर्सों ने हिस्सा लिया।

स्कॉटलैंड में कार्यरत भारतीय स्टाफ नर्स श्रीजीत मुलालीधरन ने कहा कि "महामहिम राजा से मिलना जीवन में एक बार मिलने वाला अद्भुत अनुभव था। वह एक अद्भुत और गर्मजोशी से भरे व्यक्ति हैं।''
ब्रिटिश सिख नर्सेज के संस्थापक और निदेशक रोहित सागू ने कहा, "किंग चार्ल्स से मिलना, उन्हें इस देश में सिख नर्सों द्वारा किए गए योगदान के बारे में बताना और निश्चित रूप से उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देना एक बड़ा सौभाग्य था।" उन्होंने कहा- हमारे पास एनएचएस के भीतर बहुत सारी सिख नर्सें हैं जो समुदाय के भीतर भी बहुत सारे परोपकारी कार्य कर रही हैं।
आपको बता दें कि लोक कल्याणकारी कार्य करने के लिए, किंग चार्ल्स-3 'बिग इश्यू' पत्रिका के इस महीने के कवर पृष्ठ पर नजर आएंगे, जो हाशिये पर मौजूद लोगों को सड़कों पर पत्रिकाएं बेचकर पैसे कमाने का अवसर देता है।
ब्रिटिश किंग चार्ल्स ने अपनी दिवंगत मां महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के सात दशक के शासन के बाद, चार्ल्स ने यह प्रदर्शित करने की कोशिश की है कि राजशाही आधुनिक ब्रिटिश समाज में प्रासंगिक बना हुआ है। किंग ने अभी तक तीन विदेशी दौरे किये, दासता से राजशाही के संबंधों की जांच कर रहे शोधार्थियों के लिए शाही अभिलेखागार को खोला और केन्या के स्वतंत्रता संघर्ष के दौरान वहां के निवासियों पर की गई हिंसा पर दुख व अफसोस जताया है।
आपको बता दें कि किंग चार्ल्स तृतीय और क्वीन कैमिला की ताजपोशी मई 2023 में हुई थी। जब किंग चार्ल्स की ताजपोशी हुई थी, तब ब्रिटिश शाही परिवार में 70 साल बाद इस समारोह का आयोजन हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications