मिलिए इन जुड़वा भाई-बहन से, जो अलग-अलग साल पैदा हुए
मुंबई, 3 जनवरी: अगर आपसे कोई कहे कि जुड़वा बच्चे अलग-अलग साल में पैदा हुए हैं तो शायद आप हंस देंगे कि ये कैसा मजाक है। जाहिर है कि जुड़वा बच्चे तो उन्हीं को कहा जाएगा जो एक साथ गर्भ में रहे हों और फिर साथ में पैदा हुए हों। इसके बावजूद अमेरिका के कैलिफोर्निया में ये हुआ है कि वहां जुड़वा भाई-बहन दो अलग-अलग साल में पैदा हुए हैं।

अलग साल में पैदा होना ऐसा हुआ मुमकिन
अमेरिका के कैलिफोर्निया में जुड़वा भाई-बहन अलग-अलग सालों में पैदा हुए हैं। कैलिफोर्निया के ग्रीनफील्ड शहर के दंपत्ति ग्रीनफील्ड फातिमा मेड्रिगल और रॉबर्ट ट्रुजिलो के घर ये जुड़वा पैदा हुए हैं। प्रेग्नेंट फातिमा को 31 दिसंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां 31 दिसंबर 2021 की रात 11:45 पर उन्होंने एक बेटे और 15 मिनट बाद यानी 2022 में एक बेटी को जन्म दिया। दोनों के जन्म में 15 मिनट के इस अंतर में ही साल भी बदल गया। ऐसे में दोनों अलग साल में पैदा हुए।

अस्पताल ने शेयर की तस्वीरें
इन जुड़वा बच्चों में अल्फ्रेडो नाम का एक लड़का और उसकी बहन आयलिन नाम की लड़की है। बेबी आयलिन का जन्म 2022 के शुरू होते ही ठीक आधी रात को हुआ। उसके जुड़वां भाई अल्फ्रेडो का जन्म उससे 5 मिनट पहले लेकिन 2021 में हुआ। नेटिविडाड मेडिकल सेंटर और अस्पताल ने अपने फेसबुक पेज पर जुड़वा बच्चों और उनकी मां की तस्वीरें साझा की हैं।

दोनों बच्चे पूरी तरह से स्वस्थ
अस्पताल की ओर से बताया गया है कि दोनों बच्चे स्वस्थ हैं। जन्म के समय आयलिन का वजन 5 पाउंड, 14 औंस (2.66 किलोग्राम लगभग) और अल्फ्रेडो का वजन 6 पाउंड, 1 औंस (2.75 किलोग्राम लगभग) था। दोनों जन्म के बाद ठीक हैं। बच्चों की मां फातिमा मेड्रिगल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मेरे बच्चे जुड़वां हैं लेकिन उनके अलग-अलग जन्मदिन हैं, यह हैरान करने वाला है। उन्होंने कहा कि हमारे तीन और बच्चे हैं- दो लड़कियां और एक लड़का। अब पांच भाई-बहन हो गए हैं और इससे सभी खुश हैं।












Click it and Unblock the Notifications