तुर्की के राष्ट्रपति अर्दोआन ने बीच में छोड़ा लाइव TV इंटरव्यू, चुनाव प्रचार भी किया बंद
आर्दोआन मंगलवार को टीवी पर एक इंटरव्यू दे रहे थे जो 90 मिनट तक चलना था, लेकिन दस मिनट के बाद ही बीच सवाल को काटते हुए चैनल को ब्रेक लेना पड़ा। वह करीब 15 मिनट बाद लौटे और बीमारी के बारे में बताते हुए माफी मांगी।

तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन की एक लाइव टीवी कार्यक्रम में तबीयत खराब हो गई। इस वजह से उन्हें बीच में ही इंटरव्यू छोड़ना पड़ा। जानकारी के मुताबिक उनके पेट में कुछ दिक्कतें हो गईं इसकी वजह से उन्होंने एक दिन का चुनाव प्रचार रद्द कर दिया।
आपको बता दें कि तुर्की में 14 मई को संसदीय और राष्ट्रपति चुनाव होने हैं। 69 वर्षीय तुर्की नेता पहले ही 3 प्रचार भाषण दे चुके हैं। आर्दोआन को उल्के टीवी और कनाल 7 के साथ एक संयुक्त इंटरव्यू के लिए लाइव उपस्थित होना था। उनका ये इंटरव्यू 90 मिनट देर से शुरू हुआ।
इसके बाद इंटरव्यू शुरू होने के महज 10 मिनट में ही सवाल-जवाब के दौरान एक ब्रेक के बहाने इसे रोक दिया गया। जब प्रसारण बंद हुआ तो कैमरा हिल गया और प्रश्न पूछने वाला पत्रकार अपनी कुर्सी से उठ खड़ा हुआ। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें ये देखा जा सकता है।
ये ब्रेक करीब 15 मिनट तक चला। इसके बाद आर्दोआन बीमार होने के लिए माफी मांगने के लिए लौटे। वे रिपोर्टर से कहते हैं कि लगातार दो दिन में काफी काम करने की वजह से उन्हें पेट की समस्या हो गई है। अर्दोआन इंटरव्यू देखने वालों से कहते हैं कि उन्हें लगा कि कहीं लोग ऐसा न समझ लें कि प्रोग्राम रद्द कर दिया गया है।
आर्दोआन ने कहा, "वादे के मुताबिक, मैं लौट आया। मैं आपसे और हमारे दर्शकों से क्षमा मांगता हूं।" आखिरकार अर्दोआन इस इंटरव्यू में कुछ और सवालों के जवाब देते हैं और इसे पूरा करते हैं। इस दौरान उनका चेहरा थका हुआ लग रहा था और बोलते हुए उसकी आंखों में नजर आ रहा था।
इसके बाद आर्दोआन ने केंद्रीय अनातोलियन प्रांतों में बुधवार को होने वाले तीन चुनाव प्रचार कार्यक्रमों को रद्द कर दिया। उपराष्ट्रपति फुआट ओकटे ने उनकी जगह ली। आर्दोआन ने कहा कि डॉक्टरों की सलाह पर वह एक दिन अपने घर पर ही आराम करेंगे।
69 साल के अर्दोआन की 2012 में गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल सर्जरी हुई थी। ऐसे में चुनाव प्रचार के दौरान उनकी सेहत का बिगड़ना, उनके लिए मुश्किलें पैदा कर सकता है। तुर्की में अब चुनाव होने में 20 दिन से भी कम का वक्त रह गया है।
अर्दोआन सत्ता में फिर से आने के लिए जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं। आर्दोआन और उनकी इस्लामिक मूल की पार्टी ने पिछले 20 वर्षों से तुर्की की राजनीति पर अपना दबदबा कायम रखा है। लेकिन इस बार उनकी राह मुश्किल नजर आ रही है।
पोल उन्हें कड़ी टक्कर देते हुए या विपक्षी नेता केमल किलिकडारोग्लू से हारते हुए दिखा रहे हैं। ऐसे में तुर्की में हो रहा ये चुनाव ओटोमन युग के पराभव के बाद सबसे महत्वपूर्ण चुनाव माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications