सोमालिया के राष्ट्रपति के बेटे को हत्या के मामले में जेल की सजा, फिर मिल गई माफी, जानें क्या है पूरा मामला?
तुर्की में एक अदालत ने सोमालिया के राष्ट्रपति के बेटे को दुर्घटना का दोषी पाया है। आरोपी शख्स को इस मामले में ढ़ाई साल की सजा सुनाई गई थी, हालांकि बाद में इसे सिर्फ जुर्माने में बदल दिया गया है। इसके साथ ही दोषी शख्स के ड्राइवर का लाइसेंस छह महीने के लिए रद्द कर दिया गया है।
मंगलवार को इस्तांबुल अदालत ने इस मामले की सुनवाई हुई। इस्तांबुल की एक अदालत ने मंगलवार को मोहम्मद हसन शेख मोहम्मद को लापरवाही से गाड़ी चलाने का दोषी पाया। इसके साथ ही उस पर 27,300 तुर्की लीरा यानी कि 900 डॉलर से अधिक अमेरिकी डॉलर का जुर्माना लगाया गया है।

मृतक युवकः यूनुस एमरे गोकर
खबरों के मुताबिक सोमालिया के राष्ट्रपति के बेटे मोहम्मद ने इस्तांबुल में हाईवे पर एक मोटरसाइकिल सवार युवक को अपनी तेज रफ्तार कार चढ़ा दी थी। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की जान चली गई थी। पीड़ित युवक का नाम यूनुस एमरे गोकर था और वह कुरियर का काम करता था।
ये घटना 30 नवंबर की है। दुर्घटना के बाद पीड़ित शख्स को अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन छह दिन बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद सोमालिया के राष्ट्रपति के बेटे के खिलाफ वारंट जारी किया गया।
हालांकि वारंट जारी होते ही वह तुर्की छोड़कर भाग गया था। पुलिस पूछताछ के बाद दिसंबर में मोहम्मद के तुर्की से भाग जाने से देश में आक्रोश फैल गया था। आलोचकों का कहना था कि सोमाली राष्ट्रपति हसन शेख मोहम्मद के बेटे मोहम्मद को अपने सहयोगी के साथ संबंध बनाए रखने के लिए देश छोड़कर जाने दिया गया।
इसके बाद तुर्की ने मोहम्मद के लिए अंतरराष्ट्रीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया और जिसके बाद वह मुकदमे से पहले तुर्की लौट आया। बीबीसी की तुर्की सेवा की रिपोर्ट के अनुसार, अदालत ने शुरू में उसे ढाई साल की जेल की सजा सुनाई, लेकिन मुकदमे के दौरान दिखाए गए पश्चाताप के कारण जुर्माने में बदल दिया।
आपको बता दें कि ये मामला बीते साल काफी चर्चित हुआ था और इससे तुर्की और सोमालिया के बीच दोस्ती में खटास आने का खतरा पैदा हो गया था।
वहीं तुर्की में कूरियर राइट्स एसोसिएशन ने कोर्ट के फैसले की आलोचना की है। इससे पहले अभियोजकों ने अपील की थी कि दोषी को छह साल तक की जेल की सजा दी जाए।
एसोसिएशन ने कहा है कि एक मोटरसाइकिल कूरियर का जीवन 27,000 तुर्की लीरा के बराबर नहीं हो सकता जबकि मामले में दूसरा पक्ष दोषी है। ऐसे में उसे कम सजा दी गई है।
फैसले के बाद सोमालिया के राष्ट्रपति ने इस मामले पर कहा कि उनका 40 वर्षीय बेटा पेशे से एक डॉक्टर है वह तुर्की से नहीं भागा। हमने उसे कोर्ट में सरेंडर करने की सलाह दी थी। राष्ट्रपति ने ये भी कहा कि तुर्की एक भाईचारा वाला देश है और हम कानून और न्यायिक प्रणाली का सम्मान करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications