व्हाइट हाउस में ट्रम्प ने भारतीय-अमेरिकी समुदाय के साथ मनाई दिवाली, पीएम मोदी से अपनी दोस्ती का किया जिक्र
Diwali at White House: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में भारतीय-अमेरिकी समुदाय, राजनयिकों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दिवाली समारोह की मेजबानी की। इस अवसर पर उन्होंने भारत के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी दोस्ती का जिक्र किया।
ट्रंप ने बताया कि उन्होंने पीएम मोदी से व्यापार और भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध न होने पर बात की थी। उन्होंने कहा, "मैंने आज ही आपके प्रधानमंत्री से बात की। हमारी शानदार बातचीत हुई। हमने व्यापार के बारे में बात की... उन्हें इसमें बहुत दिलचस्पी है।" उन्होंने पीएम मोदी को अपना "ग्रेट फ्रेंड" बताया।

राष्ट्रपति ट्रंप ने समारोह के दौरान दीया जलाने की परंपरा पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "कुछ ही क्षणों में, हम दीया जलाएँगे, जो अंधकार पर प्रकाश की विजय, अज्ञानता पर ज्ञान की और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है।" उन्होंने दीये की लौ को ज्ञान के मार्ग पर चलने और कृतज्ञ होने का प्रतीक बताया।
ट्रंप ने दिवाली की दी शुभकामनाएं
सोमवार को ट्रंप ने दिवाली को एकता, आशा और उत्सव का समय बताते हुए अमेरिकियों को शुभकामनाएँ दी थीं। उन्होंने कहा था, "आज, मैं दिवाली - 'रोशनी का त्योहार' मना रहे हर अमेरिकी को अपनी शुभकामनाएँ भेजता हूँ।" उन्होंने इस त्योहार को अंधकार पर प्रकाश की जीत की याद दिलाने वाला बताया।
ट्रम्प बोले- परिवारों, दोस्तों को साथ लाने का जरिया है
ट्रंप ने जोर देकर कहा कि यह उत्सव सिर्फ धार्मिक अनुष्ठानों से कहीं बढ़कर है। उन्होंने कहा, "यह परिवारों और दोस्तों को एक साथ लाने, समुदाय का जश्न मनाने, आशा से शक्ति प्राप्त करने और नवीनीकरण की स्थायी भावना को अपनाने का भी समय है।"
ट्रम्प बोले- अच्छाई हमेशा बुराई पर विजय प्राप्त करेगी
ट्रंप ने कहा, "जैसा कि लाखों नागरिक दीये और लालटेन जलाते हैं, हम इस शाश्वत सत्य में आनंदित होते हैं कि अच्छाई हमेशा बुराई पर विजय प्राप्त करेगी।" उन्होंने अमेरिकियों को इस त्योहार के गहरे अर्थों पर विचार करने और इसके सकारात्मक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।उन्होंने कहा, "दिवाली मना रहे हर अमेरिकी के लिए, यह पर्व स्थायी शांति, समृद्धि, आशा और सुकून लाए।"
अमेरिका में जोर-शोर से मनाई जाने लगी है दिवाली
इन वर्षों में, दिवाली भारतीय मूल के अमेरिकियों और बहुसांस्कृतिक परंपराओं को अपनाने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बन गया है। न्यूयॉर्क, शिकागो और वाशिंगटन डीसी जैसे प्रमुख शहरों में पारंपरिक प्रदर्शन, प्रार्थना और सामुदायिक सभाएँ आयोजित की जाती हैं।












Click it and Unblock the Notifications