अमेरिका में भी TikTok होगा बैन, भारी मत से पास हुआ विधेयक, अब बस एक ही शर्त पर बच सकता है ये चीनी ऐप
भारत के बाद अब अमेरिका भी चीनी ऐप टिकटॉक बंद होने जा रहा है। अमेरिकी सदन ने टिकटॉक को बैन करने के लिए एक विधेयक पारित किया है। इस विधेयक में इस बात पर जोर दिया गया है कि या तो टिकटॉक अपने चीनी मालिक बाइटडांस से अलग हो जाए या फिर वह अमेरिका छोड़ दे।
अमेरिकी सदन ने इस विधेयक को भारी बहुमत से पारित करके चीन को कड़ा संदेश दिया है। दिलचस्प बात ये है कि इस विधेयक के पक्ष में राजनीतिक रूप से विभाजित अमेरिका के दोनों ही प्रमुख दल रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स के सांसद दिखाई दिए।

इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सांसदों ने प्रस्तावित कानून के पक्ष में 352 और विपक्ष में सिर्फ 65 वोट दिए। इस विधेयक को पारित होने के लिए दो तिहाई बहुमत की जरूरत थी।
इससे पहले अमेरिका राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा था कि यदि ये बिल उनके टेबल पर आता है तो वो टिकटॉक हटाने के पक्ष में दस्तखत करेंगे। बाइडेन ने 2022 में अधिकांश अमेरिकी सरकारी उपकरणों पर टिकटॉक पर प्रतिबंध लगाने वाले एक विधेयक को मंजूरी दी थी।
अब क्या होगा?
अमेरिका में लगभग 17 करोड़ यूजर्स टिकटॉक का इस्तेमाल करते हैं। विधेयक के मुताबिक टिकटॉक ऐप को बेचने के लिए बाइटडांस को लगभग छह महीने का समय दिया गया है। अब बाइटडांस या तो चीन से अपना नाता तोड़े या फिर अमेरिका से ऐप को बंद करे।
बता दें कि अमेरिकी खुफिया एजेंसी की 2024 वार्षिक खतरे के आकलन की रिपोर्ट में कहा गया है कि चीनी सरकार की प्रचार शाखा द्वारा चलाए जा रहे टिकटॉक अकाउंट्स ने कथित तौर पर 2022 में अमेरिकी मध्यावधि चुनाव चक्र के दौरान दोनों राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों को टारगेट किया था।
रिपोर्ट में यह भी चेतावनी दी गई है कि चीन अपने आलोचकों को किनारे करने और अमेरिका में सामाजिक विभाजन को बढ़ाने के लिए 2024 में अमेरिकी चुनावों को प्रभावित करने का प्रयास कर सकता है।












Click it and Unblock the Notifications