चीन में Covid app हुआ क्रैश, 1.3 करोड़ आबादी वाले शीआन शहर में हाहाकार, लगा है सख्त लॉकडाउन
बीजिंग, 5 जनवरी: चीन में 1.30 करोड़ आबादी वाले शीआन शहर में पिछले करीब 12 दिनों से सख्त लॉकडाउन लगा हुआ है। लोग अपने घरों में कैद हैं। वहां कहीं आने-जाने को लेकर सख्त पाबंदियां हैं और बहुत जरूरी काम से लोग तभी बाहर निकल सकते हैं, जब कोविड ऐप पर उनकी रिपोर्ट निगेटिव दिख रही हो। लेकिन, यह ऐप ही क्रैश हो गया है तो चौतरफा हाहाकार मचना स्वाभाविक है। लोग पहले से ही जरूरी सामानों की किल्लत झेल रहे हैं। बीमारों को इलाज के लिए अस्पतालों में दाखिल होना असंभव सा हो गया है। एक महिला सिर्फ इस वजह से अपने बच्चे की जान नहीं बचा पाई कि वह ऐप में गड़बड़ी की वजह से अस्पताल प्रशासन को निगेटिव रिपोर्ट नहीं दिखा सकी। पहली बार चाइनीज सोशल मीडिया पर लोग इस अव्यवस्था पर जमकर थू-थू कर रहे हैं।

शीआन में कोविड ऐप क्रैश, मचा हाहाकार
चीन के शीआन शहर में मंगलवार को चीन का कोविड हेल्थ कोड सिस्टम क्रैश कर गया, जिसके जरिए वहां लोगों की आवाजाही पर सख्त निगरानी रखी जाती है। इसके चलते 1.3 करोड़ की आबादी वाले इस शहर में हालात बहुत ही खराब हो गए हैं, जहां वुहान से कोरोना वायरस की शुरुआत के बाद सबसे सख्त लॉकडाउन लगाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक कोविड ऐप क्रैश होने के चलते शीआन की पूरी व्यवस्था चरमरा गई है। क्योंकि इसी के जरिए मास टेस्टिंग की व्यवस्था है। अब जिन लोगों को अस्पतालों में इलाज की जरूरत है, उनके लिए भी यह करना असंभव हो गया है। स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि कई बड़े अधिकारियों को निलिंबत किया जा रहा है, क्योंकि प्रांतीय सरकार इस अफरातफरी को नहीं संभाल नहीं पा रही है।

शीआन के बिग डाटा ब्यूरो प्रमुख बर्खास्त
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक परफॉर्मेंस में नाकामी के चलते शीआन के बिग डाटा ब्यूरो के प्रमुख लिउ जुन को तात्कालिक तौर पर बर्खास्त किया जा चुका है। म्युनिसिपस कम्युनिस्ट पार्टी कमिटी की ओर से जारी बयान में इस फैसले के कारण को स्पष्ट नहीं किया गया है, लेकिन यह शीआन के हेल्थ कोड सिस्टम के फेल होने के बाद लिया गया है, जो कि लिउ के मातहत आता है और जिसके जरिए हर व्यक्ति के मूवमेंट और वैक्सीनेशनल स्टैटस को ट्रैक किया जाता है। यही सिस्टम मंगलवार को क्रैश कर गया था।

सिस्टम में दिक्कत के चलते एक मां ने अपने बच्चे की गंवाई जान
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह सिस्टम क्रैश होने का मतलब है कि स्थानीय लोग अपनी कोविड इंफेक्शन स्टैटस नहीं जान सकेंगे। हालांकि, बाद में प्रांतीय सरकार की ओर से दावा किया गया कि बहुत ज्यादा ट्रैफिक होने की वजह से सिस्टम में तात्कालीक दिक्कत आई है, जिसे कि ठीक किया जा रहा है। ऐसा कोई पहली बार नहीं हुआ है, दिसंबर में भी इस सिस्टम में गड़बड़ी आ चुकी है। दरअसल, लोगों को किसी अस्पताल में जाने से पहले भी अपना हेल्थ कोड दिखाना अनिवार्य है, जिससे पता चलता है कि उसका कोविड टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव है। चीन की सोशल मीडिया ऐप वीबो पर एक वीडियो चला है, जिसके मुताबिक एक मां ने अपने बच्चे को इसलिए गंवा दिया, क्योंकि उसे अस्पताल के बाहर दो घंटे से ज्यादा इंतजार करना पड़ा। वो बिना हेल्थ कोड दिखाए अस्पताल के अंदर नहीं जा सकी।

चाइनीज सोशल मीडिया पर शिकायतों की भरमार
चाइनीज सोशल मीडिया पर इस तरह की शिकायतें और आलोचनाओं की भरमार लग गई हैं। क्योंकि, मरीजों को अस्पतालों में इसकी वजह से इलाज नहीं मिल पा रहा है। 1.3 करोड़ आबादी वाले शीआन शहर में बिना किसी खास वजह से घरों से बाहर निकलने पर पाबंदी लगी हुई है। वहां कोविड संक्रमितों की संख्या 1,700 से ज्यादा है, लेकिन बहुत ही कड़े लॉकडाउन की वजह से शहर में खाने-पीने की चीजों की कमी हो गई है और लोगों को वक्त पर इलाज मिलना मुश्किल हो रहा है। दरअसल, चीन में अगले महीने बीजिंग शीतकालीन ओलंपिक की तैयारी चल रही है, जिसके चलते चीन सरकार किसी भी कीमत पर संक्रमण को कम रखना चाहती है, लेकिन इसके चलते वहां के लोगों में सरकार के खिलाफ निराशा बढ़ती जा रही है, जो सोशल मीडिया पर खुलकर जाहिर होने लगा है।

12 दिनों से लोगों में मचा है त्राहिमाम
दुनिया में इस वक्त चीन अकेले ऐसा देश बच गया है जो कोरोना के खिलाफ जीरो-टॉलरेंस रणनीति पर काम करता है। यहां जब तक संक्रमण पूरी तरह से काबू नहीं होता, सख्त पाबंदियों का जमकर इस्तेमाल किया जाता है। शीआन शहर में करीब 12 दिनों से लोगों को घरों के अंदर बंद रहना पड़ रहा है। महामारी के प्रकोप को नियंत्रित करने के मुद्दे पर वहां शहर के बाकी अधिकारियों के साथ ही डिप्टी मेयर पर भी गाज गिर चुकी है, जिन्हें इसी हफ्ते पद से हटाया जा चुका है। चीन के टॉप कोविड एडवाइजर जेंग गुआंग के मुताबिक, 'वुहान के लॉकडाउन के बाद शीआन का प्रकोप सबसे गंभीर है।' उन्होंने एक स्थानीय अखबार से मंगलवार को कहा, 'हमें उम्मीद है कि शुरुआत में थोड़ी सी ढिलाई के बाद शीआन बहुत ही कम समय में प्रकोप को नियंत्रित करने में नया अनुभव हासिल करेगा। '












Click it and Unblock the Notifications