अमेरिका: Texas Migrant Centre के बाहर भीड़ में घुसी बेकाबू कार, सात लोगों की मौत, 10 घायल
अमेरिकी शहर टेक्सास में बेकाबू कार की चपेट में आने से सात लोगों की मौत हो गई। रिपोर्ट्स के अनुसार प्रवासी केंद्र के बाहर भीड़ में कार घुसने से सात की मौत हुई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए।

अमेरिका के टेक्सास में हादसे में सात लोगों की मौत होने की खबर है। ब्राउन्सविले में प्रवासियों और बेघर लोगों की सेवा करने वाले एक माइग्रेंट सेंटर के बाहर भीड़ में घुसी बेकाबू कार की चपेट में आने से सात लोगों की मौत हो गई।
गार्डियन की रिपोर्ट के अनुसार 10 लोगों के घायल होने की भी खबर है। अधिकारियों के अनुसार संभव है, भीड़ में कार जानबूझकर घुसाई गई हो। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका की दक्षिणी सीमा पर प्रवासियों को तेजी से बाहर निकाला जा रहा है।
मेक्सिको से लगी टेक्सास की सीमा के पास ब्राउन्सविले पुलिस विभाग ने बताया कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे ओजानम सेंटर के पास एक बस स्टॉप पर बेकाबू कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
गार्डियन की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका में कोरोना संक्रमण के कारण Title 42 नाम की पॉलिसी लागू हुई थी। चार दिन बाद नीति समाप्त होने वाली है। इसी नीति के तहत बॉर्डर पैट्रोलिंग एजेंट प्रवासियों को अमेरिका से निकाल रहे हैं।
Recommended Video
जिस माइग्रेंट सेंटर के बाहर हादसा हुआ, इसके निदेशक विक्टर माल्डोनाडो ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि सीसीटीवी फुटेज देखने पर, एक एसयूवी की चपेट में आते लोगों को देखा जा सकता है। घायल या मारे गए लोगों में अधिकांश वेनेज़ुएला के पुरुष हैं।
माल्डोनाडो ने कहा, वीडियो में लोगों को रौंदने वाली एसयूवी, लगभग सौ फीट की दूरी पर थी। बेकाबू कार बस स्टॉप पर बैठे लोगों को रौंदती चली गई। पुलिस लेफ्टिनेंट मार्टिन सैंडोवल के अवुसार, सात पीड़ितों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कई अन्य को पास के अस्पतालों में ले जाया गया।
सोशल मीडिया पर पोस्ट वीडियो फुटेज में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ दिखी। कपड़े और अन्य निजी सामान भी सड़क पर बिखरे दिखे। संडोवाल ने कहा कि चालक को लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों को संदेह है कि यह जानबूझकर किया गया कृत्य हो सकता है।
सैंडोवल ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया, तीन कारक हो सकते हैं। ड्राइवर नशे में हो सकता है। दुर्घटना भी हो सकती है; या जानबूझकर किया गया हो सकता है। ड्राइवर को पास के एक अस्पताल में ले जाया गया। कोई भी यात्री उसके साथ नहीं था।
संडोवाल के अनुसार, आरोपी अस्पताल में सहयोग नहीं कर रहा है, उसे टेक्सास की जेल में रखा जाएगा। ड्राइवर ने शुरुआती इन्क्वायरी में कई अलग-अलग नाम बताए थे। फिंगरप्रिंट और तस्वीर की मदद से उसकी असली पहचान खोजी जाएगी। पुलिस ने चालक से ब्लड सैंपल भी लिया है। इससे नशे के सेवन की जांच होगी।
ओज़नम सेंटर ब्राउन्सविले में एकमात्र नाइट शेल्टर है। सेंटर पर हिरासत में रखे गए हजारों प्रवासियों की रिहाई का प्रबंधन होता है। प्रवासियों को मुफ्त परिवहन की सेवा मिलती है। मोल्डोनाडो के अनुसार, गत दो महीने से एक दिन में 250 से 380 प्रवासी आ रहे हैं।
सेंटर की क्षमता केवल 250 लोगों की है। यहां आने वाले कई लोग उसी दिन चले जाते हैं। मोल्डोनाडो के अनुसार, कुछ प्रवासी बस स्टेशन के रास्ते में थे इसी समय कार की चपेट में आने से लोगों की मौत हुई।












Click it and Unblock the Notifications