फिनलैंड-स्वीडन के नाटो में शामिल होने पर अर्दोआन ने लगाया अड़ंगा, कहा- ऐसी गलती दोबारा नहीं करेंगे
तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोआन ने कहा कि फिनलैंड और स्वीडन को नाटो में शामिल करने के पक्ष में तुर्की नहीं है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि नाटो सदस्य होने के नाते तुर्की वीटो का इस्तेमाल करके दोनों देशों इसके
अंकारा, 13 मईः तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोआन ने कहा कि फिनलैंड और स्वीडन को नाटो में शामिल करने के पक्ष में तुर्की नहीं है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि नाटो सदस्य होने के नाते तुर्की वीटो का इस्तेमाल करके दोनों देशों इसके सदस्य बनने से रोक सकता है। अर्दोआन ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, ''हम स्वीडन और फिनलैंड के घटनाक्रम पर करीब से नजर रख रहे हैं, लेकिन हमारा रुख पक्ष में नहीं है।''

तुर्की ने आतंकियों के समर्थन का लगाया आरोप
अर्दोआन ने कहा कि तुर्की, जो पहले से ही नाटो का हिस्सा है, स्कैंडिनेवियाई दशों के इस संगठन में शामिल होने के कदम पर सकारात्मक विचार नहीं रखता है। उन्होंने ने स्वीडन और अन्य स्कैंडिनेवियाई देशों के कुर्द विद्रोहियों और अन्य, जिन्हें तुर्की आतंकवादी मानता है, के लिए कथित समर्थन का हवाला देते हुए यह बात कही। उन्होंने इन देशों पर आतंकवादी संगठनों के लिए गेस्टहाउस होने का आरोप लगाया।

तुर्की बोला- गलती नहीं दोहराएंगे
अर्दोआन ने नाटो के सहयोगी यूनान पर तुर्की के खिलाफ गठबंधन का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अंकारा अब उस 'गलती' को दोहराना नहीं चाहता। अर्दोआन ने कहा कि नाटो के लिए ग्रीस को स्वीकार करना एक गलती थी। हमारा ग्रीस के साथ 1952 में कई मुद्दों पर विवाद था लेकिन तुर्की नाटो में शामिल हुआ। हम अब उस गलती को दोहराना नहीं चाहते।

फिनलैंड ने धैर्य रखने को कहा
तुर्की का यह विरोध स्वीडन और फिनलैंड के लिए एक समस्या पैदा कर सकता है, क्योंकि सभी 30 नाटो सहयोगियों को सर्वसम्मति से एक नए देश को अमेरिका के नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा बनने के लिए मंजूरी देनी होगी। एदोर्गन के इस बयान पर फिनलैंड के विदेश मंत्री पेक्का हाविस्टो ने धैर्य बनाए रखने का आग्रह किया। वहीं स्वीडन की तरफ से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी है।

स्वीडन भी कर रहा विचार
इससे पहले फिनलैंड के राष्ट्रपति शाऊली निनिस्टो और प्रधान मंत्री सना मारिन ने एक संयुक्त बयान देते हुए कहा था वे रूस की धमकियों के बावजूद बिना देरी किए सुरक्षा गठबंधन में शामिल होंगे। वही, स्वीडन की प्रधानमंत्री मैग्डेलेना एंडर्सन की कैबिनेट देश को नाटो में शामिल होने को लेकर क्या फैसला लेगी, यह स्वीडन की सरकार की उस रिपोर्ट पर तय होगा जिसमें सुरक्षा नीति का विश्लेषण किया गया है।

रूस ने जवाबी कार्रवाई की दी धमकी
नाटो के महासचिव जेन्स स्टोल्टेनबर्ग ने कहा कि गठबंधन खुली बाहों से फिनलैंड और स्वीडन का स्वागत करेगा। वही, फिनलैंड के रूस में शामिल होने की घोषणा पर क्रेमलिन ने चेतावनी देते हुए कहा कि उसे जवाबी कार्रवाई के तौर पर 'सैन्य-तकनीकी' कदम उठाने के लिए विवश होना पड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications