मुस्लिम ट्रांसजेंडर TV एंकर कौन हैं, मंदिर में हिंदू से रचाई शादी? मांग में सिंदूर भर कहां Honeymoon मनाया?
Bangladesh First Trans News Anchor Tasnuva Anan Shishir Marriage: बांग्लादेश की ट्रांसजेंडर अभिनेत्री और पूर्व टीवी न्यूज एंकर तस्नुवा अनन शिशिर (Tasnuva Anan Shishir) एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी शादी है।
बताया जा रहा है कि 10 जुलाई 2026 को ढाका के ढाकेश्वरी राष्ट्रीय मंदिर में उन्होंने एक हिंदू पुरुष से विवाह किया। शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद बांग्लादेश में धार्मिक पहचान, ट्रांसजेंडर अधिकार, अंतरधार्मिक विवाह और कानून को लेकर बहस छिड़ गई है। शादी में तस्नुवा को पारंपरिक हिंदू दुल्हन के रूप में देखा गया। मांग में सिंदूर और शंख की चूड़ियां पहनी थीं। आइए जानते हैं कि क्यों शादी पर मचा घमासान? कहां मनाया दोनों ने हनीमून?

Dhakeshwari Temple में क्या हुआ?
रिपोर्टों के मुताबिक, 10 जुलाई 2026 को एक जोड़ा शादी के लिए ढाकेश्वरी मंदिर पहुंचा। मंदिर में दोनों ने आवश्यक दस्तावेज और गवाहों से संबंधित औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद पुजारियों ने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संस्कार कराया। बाद में सामने आया कि दुल्हन के रूप में मौजूद महिला की पहचान तस्नुवा अनन शिशिर के तौर पर की जा रही है, जबकि दूल्हा हिंदू पुरुष बताया गया है। शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के करीब 14 दिन बाद यह मामला सार्वजनिक बहस का मुद्दा बना। इसके बाद मंदिर प्रबंधन से लेकर पुलिस और प्रशासन तक से सवाल पूछे जाने लगे।

मंदिर समिति के महासचिव डीएन चटर्जी ने स्थानीय मीडिया से कहा कि मंदिर को उस समय दुल्हन की ट्रांसजेंडर पहचान और मुस्लिम बैकग्राउंड की जानकारी नहीं थी। उनके मुताबिक, मंदिर को विवाह के बाद करीब 2,000 बांग्लादेशी टका दक्षिणा के तौर पर मिले थे और बड़ी रकम लेकर शादी कराने के आरोपों से उन्होंने इनकार किया।
दस्तावेजों को लेकर भी उठे सवाल
द प्रिंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, विवाद का एक बड़ा हिस्सा विवाह के दौरान जमा किए गए दस्तावेजों से जुड़ा है। कुछ बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि मंदिर में दुल्हन के तौर पर 'शिशिर विश्वास' नाम के दस्तावेज जमा किए गए थे और उनमें हिंदू पहचान से संबंधित विवरण थे। बाद में इन्हीं दस्तावेजों की प्रामाणिकता पर सवाल उठाए गए।

मंदिर प्रबंधन ने आरोप लगाया कि उसे गलत जानकारी देकर विवाह कराया गया और उसने पुलिस को दस्तावेज सौंपे हैं। पुलिस की ओर से भी यह कहा गया कि मंदिर से मिले कागजात की समीक्षा की गई है और औपचारिक शिकायत होने पर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। इसलिए NID (राष्ट्रीय पहचान पत्र) फर्जीवाड़े या धोखाधड़ी को फिलहाल आरोप के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।

क्यों कहा जा रहा है इसे 'समलैंगिक विवाह'?
इस विवाद का सबसे पेचीदा पहलू यही है। तस्नुवा खुद को ट्रांसजेंडर महिला के रूप में सार्वजनिक रूप से पहचानती रही हैं। वहीं, उपलब्ध रिपोर्टों में उनके पति को हिंदू पुरुष बताया गया है। ऐसे में कुछ संगठनों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने इसे 'समलैंगिक विवाह' कहा, जबकि ट्रांसजेंडर अधिकारों से जुड़े लोगों ने इस शब्दावली पर आपत्ति जताई है।

बांग्लादेश में कानून क्या कहता है?
बांग्लादेश के Penal Code, 1860 की धारा 377 'प्रकृति के विरुद्ध' यौन संबंध को अपराध के दायरे में रखती है। इसके तहत उम्रकैद या अधिकतम 10 साल तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है। ब्रिटिश सरकार से विरासत में मिला यह प्रावधान आज भी बांग्लादेश में लागू है। हालांकि, धारा 377 और विवाह की वैधता एक ही कानूनी सवाल नहीं हैं। धारा 377 यौन संबंध से जुड़ा आपराधिक प्रावधान है। इसी कानूनी पेच के कारण ढाकेश्वरी मंदिर में हुई शादी को लेकर बांग्लादेश में अलग-अलग दावे और प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।

1,230 लोगों ने कार्रवाई की मांग की
शादी के सार्वजनिक होने के बाद रूढ़िवादी समूहों और कुछ धार्मिक नेताओं की ओर से विरोध शुरू हुआ। बांग्लादेशी मीडिया के अनुसार, 1,230 लोगों ने एक बयान जारी कर मामले की जांच और संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। बयान में विवाह को 'अवैध समलैंगिक विवाह' बताया गया।

दूसरी तरफ, LGBTQ+ और ट्रांसजेंडर अधिकारों से जुड़े लोगों ने इस तरह की भाषा पर सवाल उठाया। उनका कहना है कि किसी ट्रांसजेंडर महिला की पहचान को नकारकर उसके विवाह को खुद 'पुरुष-पुरुष विवाह' बताना उसकी लैंगिक पहचान को नजरअंदाज करना है।
Tasnuva Anan Shishir Honeymoon: कहां मनाई सुहागरात?
आपको बता दें कि, शिशिर ने 10 जुलाई को शादी के बाद श्रीलंका में पति के साथ हनीमून मनाया। शिशिर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट में हनीमून की काफी फोटो शेयर की। साथ ही अपने अनुभव भी साझा किए। हालांकि, पति का नाम और उसकी पहचान उजागर नहीं की है।

Who Is Tasnuva Anan Shishir: कौन हैं तस्नुवा अनन शिशिर?
तस्नुवा अनन शिशिर बांग्लादेश की अभिनेत्री, मॉडल, सामाजिक कार्यकर्ता और पूर्व टीवी न्यूज एंकर हैं। 8 मार्च 2021 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्होंने बोइशाखी टेलीविज़न (Boishakhi Television) पर समाचार पढ़कर बांग्लादेश की पहली ट्रांसजेंडर न्यूज एंकर के रूप में पहचान बनाई। उनकी पहली ऑन-एयर उपस्थिति करीब तीन मिनट की न्यूज बुलेटिन के साथ हुई थी। इस उपलब्धि को बांग्लादेश में ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व के तौर पर देखा गया। बाद में उनकी तस्वीर को Time की 2021 की 100 Best Photos में भी जगह मिली।
पढ़ाई में भी रही हैं आगे
द डेली स्टार के मुताबिक, शिशिर ने नेशनल यूनिवर्सिटी से समाजशास्त्र में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने कम उम्र से ही डांस और एक्टिंग में रुचि दिखाई और बाद में थिएटर व फिल्मों में काम किया। वह बॉटटोला (BotTola) समेत कई थिएटर समूहों से जुड़ी रहीं। उन्होंने सामाजिक क्षेत्र में भी काम किया।
न्यूयॉर्क फैशन वीक तक पहुंची कहानी
तस्नुवा ने मॉडलिंग में भी अपनी पहचान बनाई। UNB की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने न्यूयॉर्क सिटी फ़ैशन वीक (New York City Fashion Week) में हिस्सा लिया और उन्हें पहली बांग्लादेशी ट्रांस मॉडल के तौर पर रिपोर्ट किया गया।
ढाकेश्वरी मंदिर इतना महत्वपूर्ण क्यों है?
ढाकेश्वरी मंदिर ढाका के सबसे प्रमुख हिंदू धार्मिक स्थलों में से एक है और इसे बांग्लादेश का राष्ट्रीय मंदिर माना जाता है। बांग्लादेश सरकार की पर्यटन वेबसाइट के अनुसार, मंदिर की परंपरागत स्थापना 12वीं सदी में सेन वंश के राजा बल्लाल सेन से जोड़ी जाती है। हालांकि मंदिर के वास्तविक निर्माण की तारीख और संस्थापक को लेकर इतिहासकारों में मतभेद भी हैं। 1971 के मुक्ति संग्राम के दौरान मंदिर को भारी नुकसान पहुंचा था। बाद में इसका पुनर्निर्माण हुआ और 1996 में इसे राष्ट्रीय मंदिर का दर्जा मिला। यही धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व इस शादी को सामान्य निजी विवाह से आगे ले गया और मंदिर की भूमिका पर भी सवाल खड़े हुए।


Click it and Unblock the Notifications
