VIDEO: तालिबान के हाथ लगा अमेरिकी ब्लैक हॉक, हेलीकॉप्टर उड़ाने की कोशिश करते दिखे लड़ाके
काबुल, अगस्त 25: अफगानिस्तान पर कब्जे के बाद से तालिबान के लड़ाके हाइटेक हथियारों और सेना के वाहनों के साथ दिखाई दे रहे हैं। अफगान आर्मी के भागने के बाद उनके हाथ कई बड़े और अत्याधुनिक हथियार, एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम, सैकड़ों लड़ाकू वाहनों सहित कई युद्धक विमानों और हेलीकॉप्टरों पर कब्जा कर लिया है। आज अफगानिस्तान से एक ऐसा ही वीडियो सामने आया है। जिनमें वे उन्नत UH-60 ब्लैक हॉक अटैक हेलीकॉप्टर का उपयोग करते हुए दिख रहे हैं।

अप्रशिक्षित लड़ाके हेलीकॉप्टर को हवाई पट्टी पर घुमा रहे हैं
कंधार एयरपोर्ट पर तालिबान लड़ाकों को यूएच-60 ब्लैक हॉक चॉपर को उड़ाने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है। इससे जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। तालिबान कथित तौर पर अमेरिकी सेना द्वारा छोड़े गए यूएच-60 ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर का उपयोग करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि अप्रशिक्षित लड़ाके हेलीकॉप्टर को हवाई पट्टी पर घुमा रहे हैं।
सैन्य वाहनों के साथ घूमते हुए नजर आ रहे हैं तालिबान लड़ाके
वहीं कई तालिबान लड़ाके आसपास खड़े दिख रहे हैं। यहीं नहीं तालिबानी लड़ाके काबुल और कंधार की सड़कों पर फायरआर्म्स और उन सैन्य वाहनों के साथ घूमते हुए नजर आ रहे हैं, जिनका उपयोग अमेरिकी सैनिकों ने किया था या अफगान राष्ट्रीय सुरक्षा बलों को प्रदान किया था। उत्तरी शहर कुदुज में आत्मसमर्पण करने वाले अफगान सैनिकों के फुटेज में भारी हथियारों से लदे सेना के वाहनों को तालिबानियों के कब्जे में देखा गया और उन्हें तोपों के साथ भी देखा गया।

तालिबान के कब्जे में कई हेलीकॉप्टर
तालिबान ने भारत द्वारा अफगानिस्तान को उपहार में दिए गए एमआई-24 हेलीकॉप्टरों को भी अपने कब्जे में ले लिया है। हालांकि, हेलीकॉप्टर के रोटर ब्लेड गायब थे। हवाई हमले करने वाले कई मिलिट्री विमान भी तालिबान द्वारा कब्जे में लिए जाने की आशंका है। अमेरिकी हथियारों पर कब्जे की खबर सामने आने के बाद कई पड़ोसी देशों की चिंताएं बढ़ने लगी हैं।अमेरिकी कांग्रेस के एक सूत्र ने यह चिंता भी जताई है कि ये हथियार तालिबान के तरह के ही दूसरे संगठनों के हाथ में भी जा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications