अफगानिस्तान पर फिर से हावी होता तालिबान, एक शहर पर किया कब्जा
काबुल। तालिबान ने दक्षिण अफगानिस्तान के हेलमंद प्रांत के सांगिन शहर पर कब्जा कर लिया है। सुरक्षाकर्मियों के साथ भीषण मुठभेड़ के बाद तालिबान लड़ाकों ने शहर के सभी सरकारी कार्यालयों को अपने नियंत्रण में ले लिया है।

सांगिन हेलमंद की राजधानी लश्कर गाह में ही स्थित है। एक दिन पहले ही प्रांत के डिप्टी गवर्नर मुहम्मद जन रसूलयार ने सांगिन पर तालिबान के कब्जे को लेकर फेसबुक पर राष्ट्रपति अशरफ गनी को आगाह करते हुए मदद की गुहार लगाई थी।
जानकारी के मुताबिक पुलिस मुख्यालय में आतंकियों से मोर्चा ले रहे जवान शहर के बाहर स्थित सैन्य ठिकाने में चले गए। लेकिन वहां भी सुरक्षाबलों और तालिबान लड़ाकों के बीच भीषण मुठभेड़ चल रही है। सूत्रों ने बताया कि लोहा ले रहे जवानों को गोला-बारूद और हवाई मदद की सख्त जरूरत है।
दूसरी तरफ, नेशनल यूनिटी सरकार के मुख्य कार्यकारी अब्दुल्ला अब्दुल्ला ने देश के शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी कदम उठाने की जानकारी दी है। हेलमंद प्रांत अफीम की खेती के लिए जाना जाता है। यह आतंकियों की आय का बड़ा स्त्रोत है। सितंबर में तालिबान ने उत्तरी प्रांत कुंदुज पर कुछ दिनों के लिए कब्जा कर लिया था।












Click it and Unblock the Notifications