रिपोर्ट: पंजशीर पर कब्जे का तालिबान ने किया दावा, कहा- 'अब पूरे अफगानिस्तान पर हमारा नियंत्रण'
रिपोर्ट: पंजशीर पर कब्जे का तालिबान ने किया दावा, कहा- 'अब पूरे अफगानिस्तान पर हमारा नियंत्रण'
नई दिल्ली, 04 सितंबर: तालिबान ने दावा किया है कि उसने विद्रोहियों के गढ़ पंजशीर पर भी अपना कब्जा कर लिया है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने तालिबान के तीन सूत्रों के हवाले से कहा है कि इस्लामिक मिलिशिया ने शुक्रवार (03 सितंबर) को काबुल के उत्तर में पंजशीर घाटी पर भी अपना कब्जा कर लिया है। हालांकि फिलहाल तालिबान के इस दावे की पुष्टि नहीं हुई है। एक तालिबान कमांडर ने कहा है, ''अल्लाह की मर्जी से हम पूरे अफगानिस्तान को अपने नियंत्रण में ले चुके हैं। संकट पैदा करने वालों को भी हमने हरा दिया है और पंजशीर भी अब हमारे अधीन है।'' अफगानिस्तान में पंजशीर वह आखिरी इलाका था, जो तालिबान के खिलाफ खड़ा था और हथियार डालने से मना कर रहा था।

पंजशीर पर दावे की बात का प्रतिरोध के नेताओं ने खंडन किया है और दावा किया है कि लड़ाई अभी भी जारी है। पिछले दो हफ्तों से पंजशीर के लिए छिटपुट रूप से सेनाएं आपस में भिड़ रही थीं। वहीं तालिबान और प्रतिरोध मोर्चे के बीच पिछले चार दिनों से भीषण संघर्ष जारी है।
तालिबान विद्रोही नेता अमरुल्ला सालेह बोले-देश छोड़कर नहीं भागा
तालिबान विद्रोही नेता और पूर्व उपराष्ट्रपति अमरुल्ला सालेह ने टेलीविजन स्टेशन टोलो न्यूज को बताया कि उनके देश छोड़कर भाग जाने की खबरें झूठ थीं। उन्होंने कहा कि ये बात सच है कि हम एक मुश्किल स्थिति में हैं। हम तालिबान द्वारा आक्रमण को झेल रहे हैं। लेकिन हम अपनी पकड़ बनाए हुए हैं, हमने विरोध किया है।
Recommended Video
'तालिबान के साथ प्रतिरोध जारी है'
पूर्व उपराष्ट्रपति अमरुल्ला सालेह ने ट्वीट करते हुए लिखा, ''प्रतिरोध जारी है और आगे भी जारी रखेंगे। मैं यहीं हूं अपनी मिट्टी के साथ। मैं अपनी मिट्टी और इसकी गरिमा की हमेशा रक्षा करूंगा।'' वहीं अमरुल्ला सालेह के बेटे बादुल्ला सालेह ने भी कहा है कि पंजशीर तालिबान के कब्जे मं नहीं है।
वहीं गुरुवार की रात (2 सितंबर) को पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने दोनों युद्धरत पक्षों से संघर्ष को रोकने के लिए अपील की है। उन्होंने कहा है कि रक्तपात अफगानिस्तान और अफगान लोगों के लिए किसी भी तरह से सही नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications