तालिबान ने लगाया अब म्यूजिक पर बैन, गिटार, तबला, हारमोनियम सभी फूंक डाले, युवाओं के भटकने का लगाया आरोप
अफगानिस्तान में दोबारा सत्ता में आने के बाद से तालिबान कई तरह के बदलाव कर रहा है। महिलाओं पर नए-नए तरह के प्रतिबंध लगाने के बाद अब तालिबान संगीत पर भी प्रतिबंध लगाने की तैयारी में जुट गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक तालिबान ने अफगानिस्तान में म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट जला दिए हैं। घटना बीते सप्ताह शनिवार की है। तालिबान ने अफगानिस्तान के हेरात प्रांत में तबला, हारमोनियम और गिटार जैसे म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट इकट्ठा कर उनमें आग लगा दी।

हेरात प्रांत में सदाचार को प्रोमोट करने वाले मंत्रालय के हेरात विभाग के प्रमुख अजीज अल-रहमान अल-मुहाजिर ने कहा, "संगीत को बढ़ावा देने से नैतिक भ्रष्टाचार होता है और इसे बजाने से युवा भटक जाएंगे।"
तालिबान ने जो म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट जलाए हैं उनमें तबला, हारमोनियम, गिटार के अलावा ड्रम, एम्पलीफायर और स्पीकर भी शामिल हैं। कई सौ डॉलर्स के ये वाद्ययंत्र हेरात के वेडिंग हॉल्स से जब्त किए गए थे।
आपको बता दें कि अगस्त 2021 में सत्ता पर दोबारा कब्जा करने के बाद से तालिबान अधिकारियों ने लगातार ऐसे कानून और नियम लागू किए हैं जो इस्लाम के प्रति उनके कठोर दृष्टिकोण को दर्शाते हैं। इसमें सार्वजनिक रूप से संगीत बजाने पर प्रतिबंध भी शामिल है।
तालिबान ने जुलाई महीने के आखिरी हफ्ते में सभी ब्यूटी पार्लरों के बंद कराने की घोषणा की थी। अफगानिस्तान में हजारों ब्यूटी पार्लर हैं। इनकी ओनरशिप महिलाओं के पास ही है। तालिबान ने कहा कि महिलाओं के 'ब्यूटी सैलून' पर पाबंदी इसलिए लगाई गई है क्योंकि ये ऐसी सेवाएं देते हैं जो इस्लाम में हराम है।
तालिबान का ये भी दावा है कि ब्यूटी सैलून, विवाह के दौरान दुल्हन के परिवार के लिए यह आर्थिक परेशानी का कारण बनते हैं। इससे पहले तालिबान ने किशोर लड़कियों और महिलाओं को स्कूलों और विश्वविद्यालयों में शिक्षा हासिल करने से रोक दिया गया था। इतना ही नहीं, उन्हें पार्कों, खेल के मैदानों और जिम में प्रवेश करने से भी प्रतिबंधित कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications