चीनी फाइटर जेट को ढेर करने की खबरों से ताइवान ने किया इनकार
ताइपे। ताइवान ने सोशल मीडिया पर आ रही उन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है जिसमें कहा गया था कि इसके एयर डिफेंस सिस्टम ने चीन के फाइटर जेट को ढेर कर दिया है। शुक्रवार दोपहर अचानक खबरें आने लगीं कि ताइवान के एयर डिफेंस सिस्टम ने पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी (पीएलए) एयरफोर्स के फाइटर जेट सुखोई-35 को ढेर कर दिया है। बताया गया यह घटना उस समय हुई जब चीनी जेट ताइवान के हवाई क्षेत्र में घुसपैठ की कोशिशें कर रहा था। ताइवान के रक्षा मंत्रालय की तरफ से इस पर बयान जारी किया गया है।

Recommended Video
ताइवान ने कहा खबरों पर भरोसा न करें
ताइवान के रक्षा मंत्रालय की तरफ से कहा गया है कि चीन के सुखोई-35 को ढेर करने की जो खबरें आ रही हैं वह पूरी तरह से गलत हैं। मंत्रालय ने इन खबरों पर भरोसा न करने के लिए भी कहा है। ट्विटर पर एक वीडियो भी अचानक शेयर किया जाने लगा था। मालूम चला है कि वीडियो किसी और चीनी जेट क्रैश का है। जो खबरें सोशल मीडिया पर आनी शुरू हुई थीं उसमें कहा गया था कि जिस एयर डिफेंस सिस्टम का प्रयोग हुआ है, वह अमेरिका का थाड एयर डिफेंस सिस्टम है। ऐसे में इस बात के कयास भी लगाए गए कि शायद यह कार्रवाई ताइवान और अमेरिका ने साथ में मिलकर की है। क्षेत्र में घटना के बाद तनाव बढ़ने की बात कही गई थी। यहां तक अफवाह फैली कि एक चीनी पायलट को घायल हालत में पकड़ लिया गया है। इससे पहले खबरें आई थीं कि चीनी वायुसेना और नौसेना के फाइटर जेट्स जे-11, जे-15, सुखोई-35 और सुखोई-33 ने ताइवान में घुसपैठ की कोशिशें की हैं। शुक्रवार को यह सारा घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब पिछले दिनों अमेरिका ने ऐलान किया था कि वह ताइवान के साथ अपने राजनयिक रिश्तों को पहचान देगा।












Click it and Unblock the Notifications