Syria: किसी से बदला नहीं, नया युग शुरू! सीरिया युद्ध जीतने के बाद विद्रोहियों का ऐलान, जानें एकदम ताजा हालात
Syria War: हयात तहरीर अल-शाम (HTS) ने घोषणा की है, कि उसने राजधानी दमिश्क पर कब्जा कर लिया है और राष्ट्रपति बशर अल असद देश छोड़कर भाग गये हैं। हालांकि, फिलहाल इस दावे की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन समाचार एजेंसी रॉयटर्स और अलजजीरा ने पुष्टि की है, कि राजधानी में जश्न मनाए जा रहे हैं।
राष्ट्रपति असद को लेकर कहा जा रहा है, कि उन्हें एक विमान से निकलते देखा गया है। जबकि, विद्रोही बलों के सैनिकों को राजधानी दमिश्क में सैन्य टैंकों पर नाचने के सत्यापित वीडियो सामने आए हैं। महज एक हफ्ते से भी कम समय में विद्रोहियों ने देश की सरकार को जड़ से उखाड़ डाला है।

राष्ट्रपति असद पिछले 24 सालों से सत्ता में है और इस्लामिक स्टेट सहित कई आतंकवादी गुटों के खिलाफ पिछले 14 सालों चले अभियानों के दौरान भी उन्होंने अपनी सत्ता और ताकत बनाए रखी, लेकिन जैसे ही इजराइल और हमास युद्ध में ईरान फंसा और रूस यूक्रेन युद्ध में उलझा, उनके लिए अपनी सरकार को बचाकर रखना मुश्किल होता चला गया।
सीरिया के प्रधानमंत्री ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री मोहम्मद गाजी अल-जलाली ने कहा है, कि वह राजधानी स्थिति अपने घर में रहेंगे और वो इस बात को सुनिश्चित करेंगे, देश के सार्वजनिक संस्थान काम करना जारी रखें। अल-जलाली ने कहा, "मैं सभी से तर्कसंगत तरीके से सोचने और देश के बारे में सोचने का आग्रह करता हूं।" उन्होंने कहा, कि "हम विपक्ष की ओर हाथ बढ़ाते हैं, जिन्होंने अपना हाथ बढ़ाया है और कहा है, कि वे इस देश से जुड़े किसी भी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे।" उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करने का भी आह्वान किया। मध्य पूर्व में अतीत में सरकारों के पतन के बाद भारी अराजकता देखी गई है। जब 2003 में अमेरिकी सेना ने इराकी राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन कोअपदस्थ किया, तो देश में भारी अराजक स्थिति बन गई थी और सार्वजनिक संपत्तियों को लूट लिया गया था।

अल-जुलानी ने लड़ाकों को सार्वजनिक संस्थानों से दूर रहने को कहा
HTS प्रमुख अबू मोहम्मद अल-जुलानी, जो विद्रोही बलों के नेता हैं, उन्होंने अपने गुटों के लड़ाकों से सार्वजनिक संपत्तियों से दूर रहने के लिए कहा है। उन्होंने कहा है, कि 'आधिकारिक रूप से सौंपे जाने तक सभी सार्वजनिक संस्थान और संपत्ति, प्रधानमंत्री की निगरानी में ही रहेंगे।'
अल-जुलानी ने एक बयान में कहा है, कि "जश्न मनाने के लिए गोलीबारी करने पर प्रतिबंध है।" सीरियाई विपक्षी नेता अपने बयानों पर अपने कानूनी नाम अहमद अल-शरा के साथ हस्ताक्षर कर रहे हैं, जिन्होंने खुद को अलकायदा से अलग कर लिया है।

सीरियाई विपक्ष ने कहा कि वह बदला नहीं लेगा
सीरियाई विद्रोही बलों ने 'किसी से बदला नहीं लेने का ऐलान' किया है। उसने कहा है, कि "नया सीरिया" "शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व" का स्थान होगा, जहां न्याय की जीत होगी और सभी सीरियाई लोगों की गरिमा सुरक्षित रहेगी। विद्रोहियों ने एक बयान में कहा है, कि "हम अतीत के अंधेरे पन्नों को पलट रहे हैं और भविष्य के लिए एक नया क्षितिज खोल रहे हैं।" HTS प्रमुख अल-जुलानी सहित विपक्षी नेताओं ने हाल के हफ्तों में इस बात पर जोर दिया है, कि उनका उद्देश्य सभी सीरियाई लोगों के लिए एक राज्य का निर्माण करना है, ताकि सांप्रदायिकता और समूह के अल-कायदा से पिछले संबंधों के बारे में चिंताओं को दूर किया जा सके।
सीरियाई विपक्ष ने 'नए युग की शुरुआत' की घोषणा की
सीरियाई विपक्षी बलों का कहना है, कि अल-असद की सरकार का अंत सीरिया के इतिहास में एक नया अध्याय है। विद्रोहियों ने एक बयान में कहा, "बाथिस्ट शासन के तहत 50 साल के उत्पीड़न और 13 साल के अपराध, अत्याचार और विस्थापन के बाद, और सभी प्रकार की कब्जाकारी ताकतों का सामना करते हुए एक लंबे संघर्ष के बाद, हम आज, 8 दिसंबर, 2024 को उस काले युग के अंत और सीरिया के लिए एक नए युग की शुरुआत की घोषणा करते हैं।"
दमिश्क में जश्न का माहौल
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने चश्मदीदों के हवाले से बताया है, कि हजारों लोग कारों और पैदल चलकर सेंट्रल दमिश्क में इकट्ठा होकर 'आजादी आजादी' के नारे लगा रहे हैं। ऑनलाइन पोस्ट किए गए वीडियो, जिन्हें अल जजीरा ने सत्यापित करने की बात की है, उसमें उम्मायद स्क्वायर में कई लोगों को एक सैन्य टैंक पर खड़े होकर जश्न मनाते हुए गाते हुए देखा गया है।

राष्ट्रपति असद के देश छोड़कर भागने का दावा
सीरियाई विद्रोहियों का कहना है, कि उन्होंने राजधानी दमिश्क पर कब्जा कर लिया है और अल-असद की सरकार के पतन की घोषणा की है। सशस्त्र विपक्ष ने एक बयान में कहा है, कि "तानाशाह बशर अल-असद भाग गए हैं।" उसने कहा है, कि "हम दमिश्क को तानाशाह बशर अल-असद से मुक्त घोषित करते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications