Syria War: सीरिया गृहयुद्ध में विद्रोहियों ने किया जीत का ऐलान, राजधानी में जश्न, देश छोड़कर भागे राष्ट्रपति!
Syrian war: सीरिया गृहयुद्ध के लिए आज फैसले वाला दिन हो सकता है और विद्रोहियों ने राजधानी पर कब्जा करने और सरकारी बलों के खिलाफ जीत का ऐलान कर दिया है। हालांकि, फिलहाल हम इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं, लेकिन विद्रोहियों के राजधानी में घुसने के बाद आज राष्ट्रपति बशर अल असद की सरकार गिर सकती है।
अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति असद शहर छोड़कर किसी सुरक्षित जगह भाग गये हैं। वहीं, अलजजीरा ने ये भी बताया है, कि राजधानी दमिश्क में जश्न मनाया जा रहा है।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट में कहा गया है, कि सीरिया के रणनीतिक शहर होम्स पर कब्जा करने के कुछ घंटों के बाद विद्रोही बलों ने कहा है, कि उन्होंने रविवार को दमिश्क के दरवाजे तोड़ दिए हैं और शहर में प्रवेश करना शुरू कर दिया है। दो वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने बताया है, कि सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद भी विमान में सवार होकर किसी अज्ञात स्थान के लिए रवाना हो गए हैं।
फिलहाल ये साफ नहीं है, कि राष्ट्रपति असद देश छोड़कर भागे हैं या नहीं।
रॉयटर्स समाचार एजेंसी ने चश्मदीदों के हवाले से बताया है, कि हज़ारों लोग कारों और पैदल चलकर सेंट्रल दमिश्क में इकट्ठा होकर 'आजादी आजादी' के नारे लगा रहे हैं। ऑनलाइन पोस्ट किए गए वीडियो, जिन्हें अल जज़ीरा ने वेरिफाई करने की पुष्टि की है, उसमें उम्मायद स्क्वायर में कई लोग एक सैन्य टैंक पर खड़े होकर जश्न मनाते हुए गाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वार ऑब्जर्वर्स के मुताबिक, दमिश्क के आसपास विद्रोहियों की गतिविधियां तब शुरू हुईं जब सीरियाई सेना देश के दक्षिणी हिस्से से हट गई, जिससे कई प्रांतीय राजधानियों सहित कई क्षेत्र विपक्षी लड़ाकों के कंट्रोल में आ गए।
आतंकवादी समूह हयात तहरीर अल-शाम (HTS) ने शनिवार को कहा था, कि उसने इराक, जॉर्डन और लेबनान की सीमा से लगे देश के सबसे बड़े प्रांत होम्स पर कंट्रोल कर लिया है। HTS के वरिष्ठ कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल हसन अब्दुल-गनी ने घोषणा की थी, कि "दमिश्क के पूरे ग्रामीण इलाकों को आजाद कराने के लिए हमारे अभियान जारी हैं, और हमारी नजर राजधानी पर केंद्रित है।"
समूह ने यह भी दावा किया था, कि उसने अपने ब्लिट्जक्रेग अभियान के तहत 24 घंटे के भीतर ही स्वेदा, कुनेत्रा और दारा पर कब्जा कर लिया है।
दो चश्मदीदों ने समाचार एजेंसियों को बताया है, कि राजधानी दमिश्त में तेज गोलीबारी हो रही है और विद्रोही राजधानी के करीब पहुंच चुके हैं।
सीरिया युद्ध की मौजूदा स्थिति के मतलब क्या है?
अलेप्पो के बाद होम्स शहर का विद्रोहियों के हाथों में जाना उनके लिए एक बहुत बड़ी जीत है, क्योंकि उन्होंने हामा शहर के दक्षिणी हिस्से पर भी कब्जा कर लिया है और ये सभी क्षेत्र रणनीतिक तौर पर काफी महत्वपूर्ण हैं। होम्स का हाथ से निकलना सरकार के लिए एक बड़ा झटका था, क्योंकि इसने दमिश्क को तटीय क्षेत्र से अलग कर दिया है, जो असद के अलावी संप्रदाय का गढ़ है और जहां उसके रूसी सहयोगियों का नौसैनिक और हवाई अड्डा है।
देश के गृहयुद्ध में पहली बार सरकार के पास अब 14 प्रांतीय राजधानियों में से सिर्फ तीन पर नियंत्रण है: दमिश्क, लताकिया और टार्टस। यानि, सीरिया की सरकार पतन के काफी करीब पहुंच चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications