बार-बार धरती को खतरे में डाल रहा चीन, अब फिलीपींस में गिरा ‘बेलगाम’ रॉकेट का मलबा, क्या हर्जाना देगा ड्रैगन?
चीन का एक रॉकेट अंतरिक्ष में अपनी कक्षा से निकलकर धरती पर आ गिरा है। इस रॉकेट का मलबा फिलीपींस में गिरा है। चीनी अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है।
चीन की हरकतों का खामियाजा अब दुनिया को भुगतना पड़ रहा है। चीन का एक रॉकेट अंतरिक्ष में अपनी कक्षा से निकलकर धरती पर आ गिरा है। इस रॉकेट का मलबा फिलीपींस में गिरा है। चीनी अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है। फिलीपींस के अधिकारियों ने बुधवार को कहा कि हाल ही में चीनी रॉकेट लांच से गिरा मलबा दो द्वीपों के बीच समुद्र में गिरा है।

चीन ने 31 अक्टूबर को लांच किया था रॉकेट
फिलीपींस स्पेस एजेंसी का कहना है कि रॉकेट का यह मलबा दक्षिण चीन सागर के सामने मिंडोरो और बसुआंगा के पश्चिमी द्वीपों के तटों पर गिरा है। सरकार द्वारा जारी की गई तस्वीरों से पता चलता है कि कई धातु की वस्तुओं पर चीनी राष्ट्रीय ध्वज दिखाई दे रहे हैं। एजेंसी का कहना है कि यह मलबा लॉन्ग मार्च बी रॉकेट का है। चीन ने इसे 31 अक्टूबर को लॉन्च किया गया था। इस रॉकेट की मदद से तियांगोंगे स्पेस स्टेशन के लिए एक एक्सपेरिमेंटल लेबोरेटरी मॉड्यूल को स्पेस में भेजा गया था।

अंतरिक्ष एजेंसी ने दी थी चेतावनी
फिलीपींस अंतरिक्ष एजेंसी ने पहले ही जनता को चेतावनी दी थी कि मलबा गिरने की संभावना है। इसके साथ ही जनता को सलाह दी कि वे संदिग्ध रॉकेट को देखने पर अधिकारियों को तुरंत सूचित करें। इस दौरान लोगों को रॉकेट के किसी मलबे से दूर रहने की सलाह दी गई थी। इससे पहले चीन ने पिछले शुक्रवार को कहा था कि वायुमंडल में फिर से प्रवेश के दौरान रॉकेट के अधिकांश हिससे जल गए थे। इससे पहले भी जुलाई के अंत में लॉन्च होने के बाद फिलीपींस से एक अन्य चीनी रॉकेट का मलबा मिला था।

फिलीपींस ने कहा, ऐसे मामलों के लिए होना चाहिए कानून
अधिकारियों ने कहा कि वे चाहते हैं कि संयुक्त राष्ट्र इस मामले पर गौर करे और ऐसे कानून बनाए जिससे अंतरिक्ष से जुड़े ऐसे मामलों में नुकसाई की भरपाई के लिए मुआवजा की मांग की जा सके। स्पेस एजेसी ने कहा कि ऐसी संधि से अंतरिक्ष में रॉकेट लॉन्च करने को लेकर राष्ट्रों की जिम्मेदारी बढ़ेगी। एजेंसी ने कहा कि इस तरह का मलबा फिलीपींस में जमीन या रिहायशी इलाकों में गिरने की संभावना नहीं है, फिर भी यह जहाजों, विमानों, मछली पकड़ने वाली नौकाओं और अन्य जहाजों के लिए काफी खतरा हो सकता है जो ड्रॉप जोन से गुजरेंगे।

पहले भी कई बार गिर चुका है चीनी मलबा
रॉकेट के चरणों को पहले अनियंत्रित होकर पृथ्वी पर गिरने देने के लिए चीन को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। इससे पहले भी कई बार चीन के कारण ऐसी घटनाएं देखने को मिली हैं जब डैगन का रॉकेट मलबा आउट ऑफ कंट्रोल होकर धरती पर गिरा है। बीते सप्ताह वैज्ञानिकों ने बताया था कि चीनी रॉकेट के टुकड़े अमेरिका, भारत, चीन, दक्षिण पूर्व एशिया, ऑस्ट्रेलिया और अफ्रीका के कुछ हिस्सों में गिर सकते हैं। इस खतरे को देखते हुए स्पेन ने अपना एयरपोर्ट बंद कर दिया था।

नासा भी कई बार कर चुका है आलोचना
अमेरिकी स्पेस रिसर्च एजेंसी (NASA) का कहना था कि चीन के स्पेस अधिकारियों ने इस खतरे को पैदा किया है। नासा पहले भी कई बार चीन की ऐसी हरकतों को गैर-जिम्मेदार बता चुका है। नासा ने पिछले साल बीजिंग पर अपने अंतरिक्ष मलबे के संबंध में जिम्मेदार मानकों को पूरा करने में विफल होने का आरोप लगाया था।












Click it and Unblock the Notifications