Sudan News: सूडान में राष्ट्रपति भवन पर सेना का कब्जा, दो साल बाद मिली बड़ी जीत, देखें वायरल VIDEO
Sudan News: सूडान में चल रहे संघर्ष के बीच 21 मार्च 2025 (शुक्रवार) को सूडानी सेना ने खार्तूम स्थित राष्ट्रपति भवन 'रिपब्लिकन पैलेस' पर फिर से कब्जा कर लिया। यह कदम सेना के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ है, क्योंकि दो सालों से चल रही लड़ाई में इस भवन पर पहले अर्धसैनिक बलों का नियंत्रण था।
सूडानी सेना के सैनिकों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया, जिसमें वे राष्ट्रपति भवन पर अपना झंडा लहराते और नारे लगाते हुए दिखाई दिए। सेना के अधिकारी ने घोषणा की कि रमजान के 21वें दिन राष्ट्रपति भवन पर उनका नियंत्रण पुनः स्थापित हुआ है।

रिपब्लिकन पैलेस, जो कभी सूडान की सरकारी गतिविधियों का केंद्र हुआ करता था, अब खंडहर में तब्दील हो चुका है। सैनिकों ने टूटे-फूटे टाइलों पर चढ़कर और हथियारों के साथ भवन के अंदर प्रवेश किया। हालांकि, अभी भी राजधानी में गोलीबारी की आवाजें सुनाई दे रही हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो सका कि ये गोलीबारी लड़ाई का हिस्सा है या सैनिकों द्वारा जीत का जश्न मनाने के लिए की जा रही है। सैनिक असॉल्ट राइफलें और रॉकेट-प्रोपेल्ड ग्रेनेड लांचर लिए नारे लगा रहे थे, 'अल्लाह महान हैं'
सूडान में चल रही इस भीषण लड़ाई ने न केवल राजनीतिक संकट को गहरा किया है, बल्कि मानवीय स्थिति भी बेहद खराब हो गई है। संयुक्त राष्ट्र बाल एजेंसी ने इसे दुनिया का सबसे बड़ा मानवीय संकट बताया है। सूडान युद्ध में अब तक 28,000 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं और लाखों लोग घर छोड़ने पर मजबूर हो चुके हैं। युद्ध के चलते सूडान भारी अकाल का सामना भी कर रहा है, जिससे कई परिवारों को जीवन के लिए घास खाने को मजबूर होना पड़ा है।
इस संघर्ष के बीच सूडानी सेना का राष्ट्रपति भवन पर कब्जा एक रणनीतिक जीत मानी जा रही है, लेकिन अर्धसैनिक बलों का प्रतिरोध अभी भी जारी है। आरएसएफ ने सूडान के अन्य हिस्सों में अपना नियंत्रण कायम रखा है, खासकर उत्तरी दारफुर में, जहां हाल ही में उसने अल-मलीहा पर कब्जा करने का दावा किया है।
यह भी पढ़ें- ISI ने खड़ी कर रखी 'हसीनाओं की फौज', पाकिस्तानी महिलाओं के नापाक जाल में कैसे फंसते हैं भारतीय?












Click it and Unblock the Notifications