तानाशाहों की पत्नियों से इतनी नफ़रत क्यों?
एक तानाशाह से शादी करने वाली महिला को दो चीज़ें भरपूर मिलती हैं - ऐशोआराम से भरी ज़िंदगी और लोगों की नफ़रत.
ये महिलाएं लोकतंत्र की हत्या करने वाले ऐसे आदमी के साथ खड़ी नज़र आती हैं जो न सिर्फ़ देश की माली हालत तबाह करता है बल्कि जिस पर राजनीतिक विरोधियों को मरवाने या भागने पर मजबूर करने के आरोप भी लगाए जाते हैं.
ज़ाहिर है इन महिलाओं को सताए हुए आम लोगों की नाराज़गी झेलनी पड़ती है. लेकिन एक सवाल यह भी उठाया जाता है कि क्या उन्हें महिला होने की वजह से ज़्यादा ग़ुस्सा झेलना पड़ता है?
ज़िम्बाब्वे: क्या रॉबर्ट मुगाबे बहुत आगे निकल गए थे?
ग्रेस ने रॉबर्ट मुगाबे का दिमाग भ्रष्ट किया!
पिछले हफ़्ते तक ज़िम्बाब्वे की प्रथम महिला रहीं ग्रेस मुगाबे शायद अफ़्रीका की सबसे ज़्यादा नापसंद की जाने वाली महिला हैं.
उनके पति रॉबर्ट मुगाबे ने 37 साल तक ज़िम्बाब्वे पर मन मुताबिक़ शासन किया. उनकी गद्दी गई, जब उन्होंने ग्रेस को अपनी विरासत सौंपने की कोशिश की.
इसके लिए ग्रेस को ज़िम्मेदार ठहराया गया.
रॉबर्ट मुगाबे बहुत लोकप्रिय नेता नहीं थे. ज़िम्बाब्वे के बहुत से लोगों को उनकी सरकार से कई शिकायते हैं. लेकिन फिर भी वे इस बात के लिए रॉबर्ट मुगाबे का सम्मान करते हैं कि उन्होंने आज़ादी की लड़ाई में हिस्सा लिया. इन लोगों को लगता है कि ग्रेस ने रॉबर्ट के दिमाग को भ्रष्ट किया.
लंदन के किंग्स कॉलेज में लेक्चरर डॉक्टर एलिस इवांस कहती हैं कि यह कंफ़र्मेशन बायस का मामला है. कंफ़र्मेशन बायस यानी वह स्थिति, जिसमें लोग वही देखते हैं जो वह देखना चाहते हैं. हर जानकारी, हर तथ्य की ऐसे व्याख्या की जाती है जिससे उनकी पहले से बनी हुई धारणा को बल मिले.
''यह अपनी धारणा को बचाए रखने की कोशिश है. अगर हम मुगाबे को हीरो मानते हैं तो हमारी कोशिश होगी कि उनके बारे में आ रही नकारात्मक जानकारी को किसी और के सर पर मढ़ दें. जिससे हमारा यक़ीन बना रहे.''
ज़िम्बाब्वे: सबसे उम्रदराज़ राष्ट्रपति 'नज़रबंद'
ग्रेस, रॉबर्ट मुगाबे से बहुत छोटी हैं. उनका रिश्ता तब शुरू हुआ जब रॉबर्ट की पहली पत्नी सैली हेफ़्रॉन बेहद बीमार थीं. सैली आम लोगों के बीच बहुत लोकप्रिय थीं इसलिए यह पहली बात थी जो ग्रेस के ख़िलाफ़ गई. इसके बाद ग्रेस का वरिष्ठ नेताओं के ख़िलाफ़ खुलकर बयान देना और उनका अपमान करना भी लोगों को पसंद नहीं आया.
लेकिन लोग यह भूल गए कि 1980 में जब ज़िम्बाब्वे आज़ाद हुआ और मुगाबे प्रधानमंत्री बने, ग्रेस महज़ 15 साल की थीं. 1983 में जब सुरक्षा बलों पर हज़ारों लोगों की हत्या करने, महिलाओं से बलात्कार करने के आरोप लगे तब भी ग्रेस उस उम्र की नहीं थी कि किसी की राय बदल सकें.
ग्रेस की ऐशोआराम से भरी ज़िंदगी दूसरा मुद्दा है. मशहूर लग्ज़री फ़ैशन ब्रांड गूची के नाम पर उन्हें गूची ग्रेस भी कहा जाता है. यह पहला वाक़या नहीं है जहां किसी महिला के महंगे शौक पर उस आदमी की बर्बरता से ज़्यादा बात हो जो उस ऐशोआराम के लिए पैसे मुहैया कराता है.
मुगाबे ने दबाव किया दरकिनार, नहीं छोड़ेंगे राष्ट्रपति पद
फ़र कोट, डिज़ाइनर जूते, महंगे शौक
लोगों को यह याद रहता है कि दो दशक से भी ज़्यादा समय तक फ़िलीपींस की प्रथम महिला रही इमेल्दा मार्कोस के पास एक हज़ार से ज़्यादा जोड़ी जूते थे. लेकिन वे यह भूल जाते हैं कि 1986 में यह इतना बड़ा मुद्दा क्यों था. फ़र्दीनांद मार्कोस को जब सत्ता से बेदखल किया गया तब फ़िलीपींस के कई लोग ग़रीबी की वजह से नंगे पैर रहने को मजबूर थे.
1965 से 89 तक रोमानिया पर राज करने वाले निकोलाय चाउसेस्को की पत्नी इलीना जानवरों के फ़र से बने कोट पहनने के लिए मशहूर थीं.
ऐसा क्यों है कि तानाशाहों की पत्नियों के कपड़ों की उनके पति के कामों से ज़्यादा चर्चा की जाती है. इसकी एक सीधी सी वजह तो यह कि जब उनके देश की जनता भूख से तड़प रही हो तब वे ऊंची हील और महंगे कपड़े पहनकर घूमती नज़र आती हैं.
डॉक्टर इवांस कहती हैं कि उनकी ग़लतियां सामने नज़र आ जाती हैं. जबकि सरकार के, पार्टी अधिकारियों के या खुफ़िया पुलिस के सारे काम बंद दरवाज़ों के पीछे होते हैं.
ज़िम्बाब्वे संकट: ये पांच चीज़ें आपको पता होनी चाहिए
गुस्सैल मानी जाती थीं केन्या की लूसी किबाकी
केन्या की पूर्व प्रथम महिला लूसी किबाकी राजनयिकों और पत्रकारों से नाराज़ होने के लिए बदनाम थीं. उनका आरोप था कि अधिकारी और पत्रकार उनके साथ सम्मान से पेश नहीं आते.
एक बार लूसी आधी रात को ट्रैक सूट पहने, अपने पड़ोसी की पार्टी में पहुंच गई और संगीत की आवाज़ कम करने के लिए कहा. राष्ट्रपति म्वाई किबाकी से पूछा गया कि अगर वह अपनी पत्नी को नहीं संभाल सकते तो देश को कैसे संभालेंगे.
लंदन स्कूल ऑफ़ इकोनॉमिक्स की प्रोफ़ेसर मेरी इवांस के मुताबिक़ ''ये चीज़ें डायन, बुरी पत्नी, खराब औरतों के स्टीरियोटाइप में फ़िट बैठती हैं. लोगों के पास तय खांचे हैं जिसमें एक और नया नाम जोड़ना बड़ा आसान है.''
हाल ही में एक मीम आया जिसमें ग्रेस मुगाबे की अमरीकी टेलीविज़न सीरीज़ गेम ऑफ़ थ्रोन्स की एक क़िरदार सर्सी लैनिस्टर से तुलना की गई.
महिलाओं से ज़्यादा उम्मीदें?
कैथोलिक धर्म में ईसा मसीह की मां मेरी को भगवान और इंसान के बीच की कड़ी माना जाता है. धार्मिक लोग मानते हैं कि मदर मेरी के दख़ल से उन्हें माफ़ी मिल सकती है.
तानाशाहों की पत्नियों से भी ऐसी ही उम्मीद की जाती है. लेकिन जब ऐसा नहीं होता तो भगवान के बजाय हम उस महिला को दोष देते हैं.
मार्च 2012 में कुछ लीक हुई ईमेल के आधार पर आरोप लगाया गया कि जिस वक़्त सीरिया में हज़ारों लोग मारे जा रहे थे, बशर अल असाद की पत्नी अस्मा असाद इंटरनेट पर 5000 डॉलर के डिज़ाइनर जूते ढूंढ रही थीं.
एग्ज़ेटर विश्वविद्यालय में रिसर्च फ़ेलो डॉक्टर थेकला मॉर्गनरोथ के मुताबिक़ किसी औरत का क्रूर होना हमें बहुत चौंकाता है. ''रिसर्च से साबित हुआ है कि हम महिलाओं से ज़्यादा नैतिकता, दया और उनके बेहतर इंसान होने की उम्मीद करते हैं.''
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
-
IAS IPS Love Story: 'ट्रेनिंग के दौरान कर बैठे इश्क',कौन हैं ये IAS जिसने देश सेवा के लिए छोड़ी 30 लाख की Job? -
Aaj Ke Match Ka Toss Kon Jeeta 8 March: आज के मैच का टॉस कौन जीता- भारत vs न्यूजीलैंड -
Aaj Ka Match Kon Jeeta 8 March: आज का मैच कौन जीता- भारत vs न्यूजीलैंड फाइनल, टी20 विश्व कप -
Gold Rate Today: जंग में ठंडी पड़ी सोने की कीमत! ₹5060 सस्ता गोल्ड, आपके शहर में आज क्या है 22K-18K का भाव? -
Aaj Ke Final Match Ka Toss Kitne Baje Hoga: आज के फाइनल मैच का टॉस कितने बजे होगा- भारत vs न्यूजीलैंड -
Athira Struggle Story: याददाश्त गंवाई-व्हीलचेयर बनी साथी, फिर भी UPSC में गाढ़े झंडे! IAS बनने में कितनी दूरी? -
Bihar Next CM:कौन होगा बिहार का अगला मुख्यमंत्री? बेटे की राजनीति में एंट्री से पहले CM नीतीश ने कर दिया ऐलान! -
Aaj Ka Final Match Free Mei Live Kaise Dekhe: आज का फाइनल मैच फ्री में लाइव कैसे देखें- भारत vs न्यूजीलैंड -
Mumbai Gold Silver Rate Today: महिला दिवस पर सोना-चांदी ने फिर किया हैरान, कहां पहुंचा मुंबई में भाव? -
Weather Delhi NCR: दिल्ली में गर्मी और पॉल्यूशन के टॉर्चर से कब मिलेगी राहत? बारिश पर आ गया IMD का बड़ा अपडेट -
T20 World Cup 2026 : सच निकली मशहूर ज्योतिषी की भविष्यवाणी, भारत बना विश्वविजेता? -
PM Kisan 22nd Installment: 22वीं किस्त से पहले सरकार ने हटाये लाखों नाम, आपके खाते में कब आएंगे पैसे?












Click it and Unblock the Notifications