स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बढ़ा तनाव, UAE के ADNOC तेल टैंकर पर फिर अटैक
Hormuz ADNOC Oil Tanker Attack: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने ईरान पर अपनी सरकारी तेल कंपनी ADNOC के एक और जहाज को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। खास बात यह है कि एक हफ्ते से भी कम समय में यह तीसरा मामला बताया जा रहा है।
हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन दुनिया के सबसे व्यस्त तेल मार्गों में शामिल होर्मुज में बढ़ती सैन्य तनातनी ने शिपिंग और ऊर्जा सुरक्षा की चिंता बढ़ा दी है। दूसरी ओर, ईरान और कतर के बीच भी तीन कथित ईरानी पायलटों की हिरासत को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है।

ADNOC के जहाज को फिर बनाया गया निशाना
UAE की सरकारी तेल कंपनी ADNOC ने बताया कि उसका एक जहाज शुक्रवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहा था, तभी उसे निशाना बनाया गया। कंपनी के मुताबिक, स्थिति को अब नियंत्रण में ले लिया गया है और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। UAE के विदेश मंत्रालय ने घटना की निंदा करते हुए ईरान से ऐसे हमले तत्काल रोकने और होर्मुज को पूरी तरह खोलने की मांग की है।
ये भी पढ़ें: Iran War Update: चाबहार पोर्ट बना नई रणभूमि! US ने उड़ाया ईरान का कंट्रोल टॉवर, खतरे में भारत का निवेश?
एक हफ्ते में तीसरी घटना से बढ़ी चिंता
UAE इससे पहले भी दो ADNOC टैंकरों पर हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहरा चुका है। इन घटनाओं में जहाजों को मामूली नुकसान पहुंचा था, लेकिन किसी के घायल होने की खबर नहीं थी। UAE ने नए हमले को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2817 के खिलाफ बताया है। लगातार हो रही घटनाओं से इस अहम समुद्री रास्ते की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय शिपिंग को लेकर चिंता बढ़ गई है।
होर्मुज में जहाजों की आवाजाही हुई कम
मौजूदा संघर्ष का असर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही पर भी पड़ा है। युद्ध शुरू होने से पहले दुनिया के करीब 20 फीसदी तेल की आवाजाही इसी समुद्री रास्ते से होती थी। अब यहां समुद्री यातायात में काफी कमी आई है। ईरान इसे अमेरिकी शर्तें पूरी होने तक बंद रखने की बात कह रहा है। ऐसे में लंबे समय तक तनाव रहने पर वैश्विक तेल आपूर्ति और कीमतों पर असर पड़ने की आशंका है।
ईरान ने तीन पायलटों की रिहाई मांगी
तेल टैंकर विवाद के बीच ईरान और कतर के रिश्तों में भी तनाव सामने आया है। ईरानी सेना के जनरल मोहम्मद बाघेरजादेह ने दावा किया कि उसके तीन पायलट करीब छह महीने से कतर की हिरासत में हैं। उनके मुताबिक, मार्च में Su-24 विमान गिरने के बाद पायलटों को जिंदा पकड़ा गया था। ईरान ने तीनों को वापस भेजने और परिवार से संपर्क की अनुमति देने की मांग की है।
ये भी पढे़ं: भारत-रूस के बीच चलेगी सीधी ट्रेन? मॉस्को के प्लान से मची हलचल, जानें क्या होगा पूरा रूट
कतर ने ईरान के दावे को किया खारिज
कतर ने ईरानी पायलटों को हिरासत में रखने के दावे को गलत बताया है। कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल-अंसारी के मुताबिक, पायलटों ने कतर के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया था और उनसे संपर्क की कोशिशों का कोई जवाब नहीं मिला। कतर का कहना है कि बाद में खोज एवं बचाव दल को एक पायलट के अवशेष मिले। इसके बाद ईरान से शव सौंपने को लेकर संपर्क किया गया। अब दोनों देशों के बीच इस मामले को लेकर तनाव बढ़ गया है।


Click it and Unblock the Notifications
