China Flood: चीन में Doksuri तूफान का तांडव, बीजिंग में टूटा बारिश का सारा रिकॉर्ड, 11 की मौत
उत्तरी चीन घातक तूफान डोक्सुरी की भीषण मार झेल रहा है। बीते एक दशक में आई भीषण बाढ़ में वाहन खिलौने की तरह बहते नजर आए। सड़कें, नदियों में बदल चुकी हैं जिसके बाद बाढ़ और भूस्खलन के लिए उच्चतम अलर्ट जारी किया गया है।
सीसीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक इस घातक बाढ़ की वजह से कम से कम 11 लोग मारे गए हैं और 27 अन्य लापता हैं, जबकि 127,000 से अधिक लोगों को शहर से निकाला गया है। इसके अलावा अन्य जगहों पर भी कम से कम 9 मौतें हुई हैं।

घातक बारिश के कहर के बाद बीजिंग में फंसे हुए ट्रेन यात्रियों को आपूर्ति पहुंचाने के लिए सैन्य हेलीकॉप्टर तैनात किए हैं। मंगलवार को 26 सैनिकों और चार हेलीकॉप्टरों की एक सैन्य यूनिट ने बीजिंग के बुरी तरह प्रभावित मेंटौगौ जिले में एक रेलवे स्टेशन के आसपास फंसे लोगों को मदद पहुंचाने के लिए "एयरड्रॉप रेस्क्यू मिशन" शुरू किया है।
Recommended Video
बीजिंग मौसम विज्ञान ब्यूरो ने कहा कि बीते 48 घंटों में बीजिंग में लगभग 175.7 मिलीमीटर (लगभग 7 इंच) बारिश दर्ज की गई है। आधिकारिक रिकॉर्ड के मुताबिक, यह जुलाई के पूरे महीने की औसत बारिश से भी काफी अधिक है।
मेंटौगौ निवासी किन क्वान ने कहा, "मैं बूढ़ा हो गया हूं लेकिन मैंने अपने जीवन में पहले कभी इस तरह की बाढ़ नहीं देखी है।" दक्षिणी फेंगटाई जिले के निवासी चेन होंग ने एएफपी से कहा कि बारिश की तीव्रता इतनी है कि शुरू होते ही सड़क नाले में बदल जाती है और घरों के अंदर पहली मंजिल पूरी तरह पानी से भर जाती है।
डोक्सुरी ने शुक्रवार सुबह दस बजे जिनजियांग शहर के तट पर दस्तक दी थी। इस तूफान से अब तक आठ लाख लोग प्रभावित हुए हैं जबकि बीजिंग के पूर्वी हिस्से में हजारों लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है। बीजिंग में 30,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
स्थानीय कम्युनिस्ट पार्टी के अखबार बीजिंग डेली ने मंगलवार को कहा कि मेंटौगौ में लगभग 150,000 घरों में पानी नहीं था, आपातकालीन आपूर्ति की पेशकश के लिए 45 पानी के टैंकर भेजे गए थे। बीजिंग डेली ने कहा कि शहर ने 1998 में निर्माण के बाद पहली बार सोमवार को बाढ़ नियंत्रण जलाशय को सक्रिय किया है।
आपको बता दें कि इस साल चीन चरम गरमी का सामना कर रहा है। हर दिन देश में रिकॉर्ड तापमान दर्ज किए जा रहे हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण ही ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं।
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी थी कि भारी बारिश से जुलाई 2012 से भी बदतर बाढ़ का कारण बन सकती है। 11 साल पहले हुई इस आपदा में 79 लोग मारे गए थे और हजारों लोगों को निकाला गया था।
राष्ट्रपति जिनपिंग ने बाढ़ में फंसे लोगों को जल्द बचाने के निर्देश दिए हैं। चीन के फ्लड कंट्रोल डिपार्टमेंट के मुताबिक 13 जिलों के 44 हजार लोग फिलहाल बाढ़ की चपेट में हैं।
राजधानी बीजिंग से कई रोंगटे खड़ा कर देने वाले वीडियो आ रहे हैं जो कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक चीन पहले से ही एक और तूफान जिसका नाम खानून है, के आगमन की तैयारी कर रहा है। ये इस साल का छठा तूफान होगा। खानून चीन के पूर्वी तट के काफी करीब पहुंच चुका है।












Click it and Unblock the Notifications